बाइक सवारों ने लगाए खालिस्तान जिंदाबाद के नारे
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में सोमवार रात को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब दो बाइकों पर सवार युवकों ने खालिस्तान जिंदाबाद के नारे लगा डाले।
इससे स्थानीय लोगों में अफरातफरी मच गई। जैसे ही लोग नारे लगाने वालों को पकड़ने के लिए सड़क पर पहुंचे, सभी बाइक सवार टाहलीवाल की तरफ निकल गए।
लोगों ने बताया कि बाइकों पर छह युवक सवार थे। हालांकि एक बार संतोषगढ़ से निकलने के बाद बाइक सवार दोबारा वापिस नहीं आए। मगर पूरे वाकये से इलाके के लोगों में रोष व्याप्त है।
नंगल की तरफ से आए थे बाकइ सवार
स्थानीय लोगों ने बताया कि मामला करीब नौ बजे का है जब बाइक सवार संतोषगढ़, टाहलीवाल से नारे लगाते हुए गुजरे। हालांकि अभी तक इनकी पहचान नहीं हो पाई है।
उधर, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य जागीर सिंह ने ऐसी घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह एकता एवं अखंडता को तोड़ने का प्रयास है।
इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहा कि पुलिस को आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। उधर, डीएसपी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि अभी तक ऐसी कोई शिकायत नहीं आई है। अगर ऐसा मामला सामने आता है आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।