पुलिस चौकी के बगल में चल रहा था नशे का बड़ा अड्डा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नशे के सौदागर राजधानी में पूरी तरह सक्रिय हो गए हैं। कसुम्पटी चौकी के साथ लगते लक्ष्मी नारायण मंदिर के पास सड़क किनारे प्रतिबंधित दवा रेस्ककॉफ की करीब 250 खाली शीशियां मिली हैं। रेस्ककॉफ का प्रिंट रेट 75 रुपये है जबकि नशे के सौदागर इसे 500 रुपये में बेच रहे हैं। कुछ नशीली दवाओं के पैकेट भी मिले हैं।
नशे का यह सामान पड़ोसी राज्यों से लाकर राजधानी में खपाया जा रहा है। पुलिस ने हफ्ते भर में नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बीते बुधवार को टुटू में पकड़े गए तीन आरोपियों में से एक ने खुलासा किया है कि वह प्रतिबंधित रेस्ककॉफ और नशे की गोलियां उत्तरांचल से लेकर आया है।
तीनों आरोपियों में से एक को न्यायिक हिरासत जबकि दो को पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। रिमांड में भेजे गए आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी को मास्टर माइंड बता रहे हैं। पुलिस हैरान थी कि बगल में ही नशे का कारोबार चल रहा था।
शहर में कर रहे हैं नशे की सप्लाई
पुलिस को शक है कि ये आरोपी टुटू, हीरानगर, शोघी, तारादेवी, घोड़ा चौकी और बालगूंज एरिया में नशे की सप्लाई करते हैं। एएसपी भजन नेगी ने कहा कि नशे का सामान बेचने वालों का नेटवर्क तोड़ने का पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है।
कुछ आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है। जांच चल रही है। उधर, कसुम्पटी के लक्ष्मी नारायण मंदिर के पास सड़क किनारे रेस्ककॉफ की शीशियां मिलने से अभिभावक परेशान हैं।
स्थानीय निवासी अरुण, अशोक, सुनील और राकेश ने बताया कि बुधवार रात तक शीशियों से भरी बोरी यहां नहीं थी। लेकिन वीरवार सुबह शीशियों से भरी बोरी सड़क किनारे पड़ी हुई थी।
बच्चों को नशे से ऐसे बचाएं अभिभावक
•बच्चों पर ध्यान दें
•बच्चे की अकेले रहने की जिद्द
•जरूरत से ज्यादा चिड़चिड़ापन
•आंखों में पीलापन और छोटापन
•देर से घर आना और कम बातचीत
•भूख न लगना, सभी के साथ खाना न खाना
•अधिकांश समय अकेले कमरे में बिताना
• घर में महंगी चीजें और पैसे अचानक गुम होना