EVM हैक कर चुनाव जिताने का दावा करने वाला गिरफ्तार, IAS की कर रहा तैयारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल विधानसभा चुनाव में ईवीएम में गड़बड़ी कर प्रत्याशियों को जितवाने का दावा करने वाले युवक को शिमला पुलिस ने पुणे से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सचिन राठौर के तौर पर हुई है। यह आईएएस परीक्षा की तैयारी कर रहा है और नामचीन कॉलेज का विद्यार्थी है। इस शातिर के जाल में कितने नेता फंसे हैं और कितनों ने पैसा दिया, यह पूछताछ के बाद पता चलेगा।
सोमवार देर रात तक आरोपी को शिमला लाने का दावा किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि चुनाव लड़ रहे कुछ प्रत्याशियों के मोबाइल नंबर पर इस युवक ने मैसेज और कॉल की। प्रत्याशियों को विश्वास दिलाया गया कि वह ईवीएम में ऐसी प्रोग्रामिंग कर सकता है जिससे वोट उसी के हक में पड़ेंगे। इसकी एवज में वह प्रत्येक प्रत्याशी से दस लाख रुपये की मांग कर रहा था।
इनमें से कुछ प्रत्याशियों ने इसकी शिकायत प्रदेश चुनाव आयोग से कर दी और सबूत के तौर पर मैसेज भी चुनाव आयोग को दिखाए। चुनाव आयोग ने शिमला पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाई। छानबीन में सामने आया है कि आरोपी ने चार अलग-अलग मोबाइल नंबरों से नेताओं को मैसेज किए हैं।
इसी को आधार बनाकर जांच आगे बढ़ी और स्मार्ट पुलिस की एक टीम पुणे पहुंच गई। यहां जब इन नंबरों का पता किया गया तो पुलिस हैरान रह गई।
यह मोबाइल और सिम रेलवे स्टेशन पर काम करने वाले अलग-अलग मजदूरों के थे, जो कुछ समय पहले चोरी हो गए थे। इन मजदूरों का इस मामले से कोई लेना-देना नहीं था। आरोपी इन्हीं नंबरों का इस्तेमाल कर रहा था। स्थानीय पुलिस की भी मदद ली गई और काफी मशक्कत के बाद आरोपी को पकड़ लिया गया।
एसपी शिमला सौम्या सांबशिवन ने कहा कि ईवीएम में गड़बड़ी करने का दावा करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने चुनाव में खड़े कई प्रत्याशियों को मैसेज किए हैं।
प्रदेश चुनाव आयोग की ओर से आई शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।