दिनदहाड़े अध्यापिका का पर्स छीनकर नकाबपोश फरार
राजधानी शिमला के थाना ढली के तहत आने वाले मशोबरा क्षेत्र में एक नकाबपोश स्कूल से लौट रही शिक्षिका का पर्स छीनकर फरार हो गया। दिनदहाड़े हुई इस स्नैचिंग की घटना से लोगों में दहशत है। शिक्षिका मीरा वर्मा ने देर शाम मशोबरा पुलिस चौकी पहुंच कर इसकी शिकायत दर्ज करवाई। महिला शिक्षिका के पर्स में पांच सौ के करीब नकदी, 30 से 40 हजार की सोने की चेन और करीब बारह हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन तथा कुछ जरूरी दस्तावेज थे।
महिला शिक्षिका की शिकायत पर पुलिस ने थाना ढली में मुकदमा दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। अभी तक पुलिस के हाथ कोई ठोस सुबूत नहीं लगा है जिससे चैन स्नेचर की पहचान की जा सके। लंबे अंतराल के बाद शिमला में इस तरह की वारदात हुई है। पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक शिक्षिका मशोबरा स्कूल में तैनात है। शिपुर प्राथमिक स्कूल में शिक्षक के अवकाश पर चले जाने पर उनकी शिपुर स्कूल में लगाई थी।
महिला दोपहर करीब ढाई से तीन बजे के बीच स्कूल से वापस लौट रही थीं तो शिपुर नाले के पास उसे अकेला देखकर एक व्यक्ति मुंह और सिर को मफलर से ढके हुए आया। नकाबपोश जैसे ही महिला शिक्षिका के पास पहुंचा तो उसने जबरन उसका पर्स छीना और जंगल की ओर भाग गया। महिला शिक्षिका अकेली थी लिहाजा वह कुछ नहीं कर सकीं। महिला शिक्षिका ने घर जाकर अपने पति को सारी बात बताई और देर शाम चौकी में आकर पर्स छीनने की शिकायत दर्ज करवाई।
थाना ढली में शिकायत पर मामला दर्ज करने के बाद चौकी प्रभारी इंद्र सिंह ने अपनी टीम के साथ शनिवार को पूरा दिन शिपुर और इसके आसपास के जंगल तथा क्षेत्र में पूछताछ की। साथ ही सामान भी की तलाश की। डीएसपी मुख्यालय प्रमोद शुक्ला ने माना कि महिला शिक्षिका से पर्स छीनने का मामला दर्ज किया गया है। स्नैचर की तलाश की जा रही है। अभी तक ठोस सबूत हाथ नहीं लगा है, छानबीन की जा रही है।