रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा पटवारी, निशानदेही की एवज में मांगे 12 हजार
हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के मैहतपुर पटवार सर्कल में तैनात पटवारी को विजिलेंस ने रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा है। आरोप है कि पटवारी निशानदेही की एवज में 12 हजार रुपये मांग रहा था।
पांच हजार रुपये अग्रिम भुगतान करने को कहा गया तो शिकायतकर्ता रामपाल निवासी छत्रपुर ने पटवारी की बात मान ली और विजिलेंस से शिकायत कर दी।
विजिलेंस ने जाल बिछाया और वीरवार को मैहतपुर में पांच हजार रुपये रिश्वत लेते पटवारी को रंग लगे नोटों के साथ दबोच लिया। एएसपी विजिलेंस सागर चंद ने बताया कि रामलाल की शिकायत पर पटवारी राकेश कुमार को रंग लगे नोट देने को कहा गया।
जमीन खरीद-फरोख्त में धोखाधड़ी का मामला
पटवारी जैसे ही रुपये लिए, टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। पटवारी के खिलाफ शिकायतकर्ता ने करीब 72 मरले जमीन की धोखाधड़ी का आरोप भी लगाया है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक पटवारी राकेश कुमार ने उसे 72 मरले जमीन खरीदकर दी, लेकिन मौके पर जमीन है ही नहीं।
पुलिस ने उक्त पटवारी के खिलाफ घूस लेने, जमीन की खरीद फरोख्त में धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विजिलेंस टीम में एएससी सागर चंद के साथ धनराज, हरीश गुलेरिया और ठाकुरू राम मौजूद रहे।