फोन पर बात करने की ऐसी सजा की रूह कांप जाए
फोन पर जोर से बात करने पर एक प्रवासी युवक को मकान मालिक ने अपने दोस्त के साथ मिलकर मार डाला। युवक के पेट पर चाकू से कई वार किए गए। इसके बाद उसे बद्दी में एक निजी अस्पताल लाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने नालागढ़ चिकित्सालय में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। दोनों आरोपी मौके से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
मृतक की शिनाख्त उत्तर प्रदेश जिला बदाऊं के मनवे गांव के शशि (21) पुत्र महावीर के रूप में की है। बुधवार को अपनी भाभी की बहन को छोड़ने के लिए वह मल्लपुर आया था।
शशि की भाभी को चार दिन पूर्व ऑपरेशन से बेटा हुआ था, लिहाजा उसने अपनी बहन को बुलाया था। पुलिस के मुताबिक जैसे ही वह मल्लपुर पहुंचा तो शशि को उसके पिता महावीर का फोन आया। शशि फोन सुनने कमरे के बाहर आंगन में चला गया।
इसी मकान के साथ गुरनाम का मकान है। वह जोर-जोर से फोन पर बातें कर रहा था। शशि की जोर से बात करना मकान मालिक गुरनाम को नागवार गुजरा। वह बाहर आया और दोनों में बहसबाजी शुरू हुई।
इसी दौरान शशि भागकर कमरे में चला गया तथा कमरे को अंदर से बंद कर दिया। गुरनाम ने अपने अन्य साथी काला को फोन करके बुलाया तथा लात मार कर दरवाजा खोला।
जबरन घर में घुसकर चाकूओं से गोदा
मौके पर मौजूद शशि के परिजनों के सामने ही उसने दरवाजा खोलते ही पहले शशी की जम कर धुनाई की, उसके बाद गुरनाम ने चाकू से उसके पेट पर तीन जगह वार कर उसे लहूलुहान कर दिया।
बाद में दोनों ने उसे बेहोशी की हालत में कमरे से बाहर निकाला तथा कमरे के बार उसकी छाती में चाकू घोंप दिया। शशि को लहूलुहान अवस्था में आंगन में छोड़ कर दोनों वहां से भाग गए।
बाद में इसी परिवार के पहचान वाले नरेंद्र को फोन पर कहा कि अगर पुलिस आती है तो उन्हें यह बताना कि वह छत से गिरा है और उसके पेट में सरिया घुसा है। अगर ऐसा नहीं बताएगा तो उसे भी मौत के घाट उतार दिया जाएगा।
एसपी जिला बद्दी जी शिवा कुमार ने बताया कि पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। शीघ्र ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।