मारूति कार गहरी खाई में गिरी, दो की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश सिरमौर जिला के थाना क्षेत्र राजगढ़ के अंतर्गत शनिवार दोपहर को तहसील मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर कुडू-लवाणा ग्रामीण संपर्क मार्ग पर एक मारुति कार के गहरी खाई में गिरने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को सोलन अस्पताल में भर्ती कर मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार राजगढ़ तहसील की ग्राम पंचायत देवठी मझगांव के कुडू लवाणा संपर्क मार्ग पर शनाई कुन्नीसेर गांव निवासी मोंटू अपनी मारुति कार नंबर एचपी16-4141 से शनिवार दिन में करीब एक बजे देवठी मझगांव से धाली की ओर जा रहा था।
पांच सौ फुट गहरी खाई में गिरी कार
उसके साथ लवाणा गांव निवासी शीशुपाल एवं धाली निवासी श्यामानंद भी बैठे थे। कुडूधार के समीप वह कार से नियंत्रण खो बैठा और कार करीब पांच सौ फुट गहरी खाई में जा गिरी।
इस दुर्घटना में शीशुपाल (27) एवं श्यामानंद (35) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कार चला रहा मोंटू गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीण एवं पुलिस घायल मोंटू को खाई से निकालकर लाए और जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल सोलन भर्ती किया गया है।
पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी राजगढ़ दौलत राम ने बताया कि पुलिस दल ने मौके पर पहुंचकर शवों को अपने कब्जे में लिया। हादसे के शिकार दोनों लोगों का राजगढ़ में पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। घायल मोंटू को सोलन अस्पताल भर्ती किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।