टोल कर्मचारी पर हमला, चाकू की नोक पर लूटेरों ने लूटे 18 हजार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल-पंजाब बार्डर से सटे नालागढ़ के नवांग्राम टोल बैरियर पर लुटेरों ने टोल कर्मचारी पर हमला कर उससे नकदी छीनी और फरार हो गए। लुटेरों ने देर रात वारदात को अंजाम दिया। चाकू की नोक पर लुटेरे कर्मचारी से 18 हजार रुपये छीनकर भाग गए। टोल कर्मचारी से हुई इस झड़प में आरोपियों का चाकू भी मौके पर ही गिर गया।
बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों की धरपकड़ शुरू की। रात को ही सीमावर्ती इलाकों को सील कर पुलिस ने कई जगह दबिश दी। लेकिन कोई हाथ नहीं आया। पुलिस के अनुसार रात करीब ढाई बजे नवांग्राम टोल बैरियर पर तैनात कर्मचारी श्रीराम निवासी गांव कटीरडू माजरा, तहसील नालागढ़ ड्यूटी दे रहा था।
तभी दो लुटेरे तेजधार हथियार लेकर उस पर झपट पड़े। कर्मचारी अपने बचाव में गुमटी से बाहर की तरफ भागा। इस दौरान उनकी छीनाझपटी भी हुई और उसकी उंगली पर तेजधार हथियार से चोट भी लगी है। कर्मचारी का कहना है कि लुटेरों ने गुमटी से 18 हजार रुपये उठाए और भाग गए।
थाना प्रभारी एसएचओ नालागढ़ जितेंद्र सिंह ने बताया दो अज्ञात लुटेरों ने टोल कर्मचारियों पर तेजधार हथियार से हमला किया था। वहीं से लुटेरे 18 हजार रुपये छीनकर फरार हुए हैं। पुलिस ने इस मामले की जांच कर रही है।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी वारदातें
हरियाणा हिमाचल सीमा पर बद्दी टोल बैरियर और अप्रैल में भरतगढ़ मार्ग पर दभोटा टोल बैरियरों पर पर्ची काटने को लेकर कई बार मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। मई 2016 में नालागढ़-रोपड़ मार्ग पर ढेरोंवाल में एक टोल बैरियर कर्मचारी की कार में सवार युवकों ने जमकर पिटाई कर डाली।
तीन जून 2013 में पंजाब बार्डर पर बघेरी टोल बैरियर पर कर्मी नरेश कुमार उर्फ गुटी की एक दर्जन हमलावरों ने गोली और तलवारें दाग कर निर्मम हत्या कर दी थी। तीन नवंबर 2013 में बरोटीवाला टोल बैरियर पर तैनात कर्मी हरदेव उर्फ गोल्डी की हत्या हो गई थी।
16 मई, 2012 में ढेरोंवाल बैरियर पर नकाबपोशों के पिस्तौल की नोंक पर 24 हजार रुपये की लूटपाट हुई। नकाबपोश पंजाब की ओर से वाहन में आए जिस पर टोल बैरियर कर्मियों में से दो भाग निकले, जबकि एक को नकाबपोशों ने धर दबोचा था।
यहां स्थापित हैं टोल बैरियर
आबकारी एवं कराधान जिला बीबीएन में बद्दी, बरोटीवाला और ढेरोंवाल यूनिट के तहत एक दर्जन टोल बैरियर स्थापित हैं। इसमें बद्दी और बरोटीवाला यूनिट के तहत छह टोल बैरियर बद्दी, बरोटीवाला, शाहपुर, सनसिटी, मंधाला तथा कालूझिंडा है। नालागढ़ के ढेरोंवाल यूनिट के तहत ढेरोंवाल, गुल्लरवाला, नवांग्राम, बघेरी (टिक्करी), रत्योड़ और दभोटा बैरियर आते हैं।