आंखों के सामने मरता रहा मासूम बेटा, चीखती रही मां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
खेल खेल में एक और मासूम को मिली दर्दनाक मौत मिली। मां की आंखों के सामने ही 12 साल का बेटा मौत के मुंह में चला गया। सनसनीखेज मामला हिमाचल के हमीरपुर का है। यहां झंझयाणी पंचायत के नैण गांव में मां के साथ खेतों में बेटे की दर्दनाक मौत हो गई।
शुभम (12) पांव फिसलने से कुंए में डूब गया। शुभम आठवीं कक्षा में पढ़ता था। वह अपनी मां सोना देवी के साथ शनिवार शाम करीब पांच बजे खेतों में गया था। मां यहां घास काटने लगी तो शुभम खेल रहा था। खेल-खेल में वह खेत के साथ बने 18 फीट गहरे कुएं के पास चला गया। यहां शुभम का पांव फिसल गया और वह कुएं में जा गिरा।
बेटे को बचाने के लिए मां ने लगा दी जान
कुआं पानी से लबालब था। गिरने की आवाज सुनकर सोना कुएं की ओर दौड़ी। सोना ने अपने दुपट्टे से शुभम को बाहर निकालने की कोशिश की लेकिन कामयाब नहीं हो पाई। वह नीचे डूबने लगा। सोना की चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग जुट गए और तुरंत मोटर लगाकर कुएं का पानी निकाला। इसमें लगभग पौने घंटे का वक्त लग गया।
शुभम को तुरंत बड़सर अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिवार के बयान कलमबंद कर रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। इस घटना से जहां पूरा परिवार गहरे सदमे में है, वहीं इलाके में भी मातम का माहौल है। डीएसपी राजेंद्र जसवाल ने कहा कि कुएं में डूबने से बालक की मौत हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
यहां एक साथ भाई बहन ने तोड़ा दम
वहीं बिलासपुर के शाहतलाई में भी शनिवार देर शाम दो मासूम भाई बहन की टैंक में गिरने से मौत हो गई थी। पानी इकट्ठा करने के लिए खोदे गए गड्डे (टैंक) में खेलते-खेलते डूबने से कडोहघाट गांव के रवि और अंजली की शनिवार को मौत हो गई थी।
रविवार को दोनों का अंतिम संस्कार किया गया। घटना से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एक दिन पहले जहां आंगन में बच्चों के खेलने और शोर मचाने की अवाजें आती थी वहीं अब माता-पिता, दादा-दादी के रोने की आवाजें आ रही है।
बताया जा रहा है कि कडोहघाट निवासी रीता देवी अपने घर के समीप खेतों में घास काट रही थी। इस दौरान पांच वर्षीय रवि और डेढ़ वर्षीय अंजली खेलते-खेलते खेतों में बने गड्ढे में गिर गए। इससे उनकी डूबकर मौत हो गई। रीता देवी ने देखा की बच्चों के खेलने की आवाजें अचानक बंद हो गई है। उसने बच्चों को बुलाने के लिए अवाजें लगाई। लेकिन कोई जबाब नहीं मिला।
जब वह बच्चों की तलाश करते हुए गड्ढे के पास पहुंची तो उसने देखा की दोनों उसमें गिरे हैं। शोर मचाने पर लोगों की मदद से बच्चों को गड्ढे से निकालकर झंडूता स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। लेकिन, तब तक देर हो चुकी थी। यहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
नदी में नहाने गए युवक की मौत
वहीं, ऊना के मैहतपुर क्षेत्र के ब्रह्माहुति स्थित नदी में रविवार देर शाम जालंधर निवासी युवक नहाते समय डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई है। युवक की पहचान पंजाब के जालंधर शहर निवासी अभी चावला के रूप में की गई है।
उधर सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छानबीन शुरू कर दी। युवक को पानी में ढूंढने के लिए गोताखोरों को भी बुलाया गया। लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया था। जानकारी के अनुसार अभी अपने दोस्तों के साथ घूमने आया था।
वहीं रविवार देर शाम वह दोस्तों के साथ ब्रह्माहुति स्थित नदी ने नहाने उतर गया। इसी दौरान उसका पैर फिसलने से वह पानी की गहराईयों में समा गया। जिसे देख उसके बाकी दोस्तों ने चिल्लाना शुरू कर दिया। युवकों का शोर सुनकर स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। आनन-फानन में युवक को पानी में ढूंढने के लिए गोताखोरों को बुलाया गया। लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं लग सका है।