कोरोना संक्रमण का प्रकोप कम होने पर ही खुलेंगे शिक्षण संस्थान: भारद्वाज
हिमाचल में कोरोना महामारी का प्रकोप कम होने के बाद ही शिक्षण संस्थान खोले जाएंगे। तब तक अनलॉक-3 स्टेज में हो सकते हैं। मंगलवार को राज्य सचिवालय में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत करते हुए शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि देश के भविष्य विद्यार्थी वर्ग को लेकर जल्दबाजी में फैसला नहीं लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि लोगों से प्राइमरी कक्षाएं बंद रखने के सुझाव मिले हैं, जबकि बोर्ड कक्षाओं को पहले शुरू करने के सुझाव हैं। सभी हितधारकों से इन विकल्पों पर इस माह चर्चा के बाद फाइनल एग्जिट प्लान बनाकर फैसला लेंगे।। कॉलेजों और विश्वविद्यालय में परीक्षाओं का शेड्यूल भी तैयार किया जा रहा है। 10वीं कक्षा का परिणाम जल्द निकाला जाएगा।
12वीं कक्षा का परिणाम भी जून अंत तक
12वीं कक्षा का भूगोल का पेपर लेकर 12वीं का परिणाम भी जून अंत तक निकाल दिया जाएगा। शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ने भी जुलाई में शिक्षण संस्थान खोलने की सोमवार शाम को घोषणा की है। 15 जून तक स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया है और जरूरत हुई तो इसे आगे बढ़ाएंगे।
निजी स्कूलों के प्रबंधक, निजी विश्वविद्यालयों के वाइस चांसलर, अभिभावकों व आम लोगों से राय ली जाएगी। विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्यों, अध्यापकों, अध्यापक यूनियनों तथा अभिभावकों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से इस संबंध में बातचीत का प्रयास करेंगे, तभी फाइनल एग्जिट प्लान बनेगा।