रैपिड एंटीजन टेस्ट में निगेटिव आई विधायक शौरी की कोरोना रिपोर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना पॉजिटिव बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी की बुधवार को कोरोना की रैपिड एंटीजन रिपोर्ट निगेटिव आई है। उन्होंने उनके संपर्क में आए डेढ़ दर्जन अन्य लोगों की रिपोर्ट भी निगेटिव आने का दावा किया है। विधायक शौरी ने कहा कि उन्हें बदनाम किया जा रहा है। रिपोर्ट पॉजिटिव आने से पहले उनमें किसी तरह के लक्षण नहीं थे। ऐसे में उन्हें रिपोर्ट आने से पहले आइसोलेट रहने की जरूरत नहीं थी। कहा कि कोविड-19 की गाइडलाइन में कहा गया है कि अगर किसी व्यक्ति में लक्षण हों तो सैंपल देने के बाद क्वारंटीन रहना पड़ता है, मगर उनमें कोई लक्षण नहीं थे।
शौरी ने कहा कि उन्हें सोलंगनाला में पीएम का स्वागत करना था। इसके लिए एसपीजी ने 48 घंटे की कोरोना रिपोर्ट मांगी थी। उन्होंने कोरोना टेस्ट दिया और उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। इसकी सूचना मिलते ही वह अपने घर पहुंचे और क्वारंटीन हो गए। दो अक्तूबर को पहले सीएम और बाद में रक्षामंत्री से सामाजिक दूरी के साथ मिले। कहा कि अगर उनमें कोई लक्षण होते और इस दौरान किसी से मिलते तो वह गलत था। पीएम के दौरे को लेकर मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक व प्रशासनिक अधिकारी जुटे हुए थे। उन सबका कोरोना टेस्ट हुआ, लेकिन कोई भी रिपोर्ट आने तक आइसोलेट नहीं हुआ है।
किसी की नहीं छुपाई कोरोना की रिपोर्ट: सीएमओ
बंजार के कोरोना संक्रमित विधायक सुरेंद्र शौरी के प्राइमरी संपर्क में आए सभी 25 लोगों की रिपोर्ट बुधवार को निगेटिव आई है। ये सभी लोग होम क्वारंटीन थे और बुधवार को रैपिड एंटीजन टेस्ट लेकर उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कुल्लू डॉ. सुशील चंद्र शर्मा ने कहा कि किसी के भी कोरोना संक्रमित आने संबंधी कोई रिपोर्ट विभाग ने नहीं छुपाई, बल्कि रोजाना हर रिपोर्ट को अपडेट किया जा रहा है।
सीएमओ ने बताया कि विधायक शौरी के प्राइमरी संपर्क में आए सभी लोगों की पहचान तीन अक्तूबर से ही शुरू हो गई थी और उन्हें क्वांरटीन किया गया था। इसके बाद उनके सैंपल लिए गए थे, जो सभी निगेटिव पाए गए हैं। वहीं विधायक शौरी की भी रिपोर्ट निगेटिव आ गई है। उन्होंने कहा कि जिला स्वास्थ्य विभाग कुल्लू हिमाचल प्रदेश सरकार की कोविड-19 को लेकर जारी गाइडलाइन के अनुसार काम कर रहा है और विभाग रात-दिन कोरोना के सैंपल लेने में जुटा है। इस अभियान में वह अपनी टीम के साथ डटे हुए और विभाग ने एक दिन में रिकॉर्ड 1900 सैंपल लिए हैं।