हिमाचल के कांगड़ा जिले में कोरोना के दो नए मामले
हिमाचल के कांगड़ा जिले में कोरोना वायरस के दो नए मामले आए हैं। शुक्रवार शाम को थुरल क्षेत्र के 28 वर्षीय व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद पमंडल ज्वाली के तहत भरमाड़ गांव 49 वर्षीय व्यक्ति भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया। संक्रमित 13 मई को दिल्ली से लौटा था और क्वारंटीन था। शुक्रवार को रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उसे बैजनाथ भर्ती कर दिया गया है। डीसी कांगगड़ा राकेश प्रजापति ने इसकी पुष्टि की है।
इससे पहले जिला हमीरपुर में शुक्रवार को दूसरे दिन भी कोरोना के 14 नए मामले सामने आए हैं। जिसमें से 9 कोरोना संक्रमित व्यक्ति उपमंडल नादौन से संबंधित हैं। जबकि दो हमीरपुर और एक बड़सर उपमंडल से संबंधित कोरोना संक्रमित सामने आया है। इनमें से 10 संस्थागत क्वारंटीन सेंटर में रह रहे थे।
जबकि दो लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। कोरोना संक्रमित लोग हाल ही में बाहरी राज्यों से लौटे हैं। बीते गुरुवार को जिला हमीरपुर में एक ही दिन में कोरोना संक्रमण के 31 मामले सामने आए थे। जिला में कोरोना संक्रमित व्यक्तियों की कुल संख्या 60 पहुंच गई है।
कांगड़ा में 26 के बाद खुलेंगे सैलून-ब्यूटी पार्लर
कांगड़ा जिला में कोरोना कर्फ्यू के चलते 26 मई के बाद ही सैलून-ब्यूटी पार्लर खुलेंगे। दुकानें खोलने से पहले सैलून-ब्यूटी पार्लर संचालकों को स्वास्थ्य विभाग के प्रशिक्षक ट्रेनिंग देंगे। इस प्रशिक्षण के लिए स्वास्थ्य विभाग ने प्रशिक्षकों की सूची तैयार कर दी है। साथ ही सैलून-ब्यूटी पार्लर संचालकों के लिए निर्देशों की सामग्री भी बनाई है। इसमें सभी प्रकार की हिदायत और बचाव के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी होगी।
वहीं, श्रम विभाग के पास प्रशिक्षण लेने के लिए कांगड़ा जिला के 500 सैलून-ब्यूटी पार्लर संचालकों ने पंजीकरण कर दिया है। उधर, श्रम अधिकारी कांगड़ा आरके शर्मा ने कहा कि सैलून-ब्यूटी पार्लर संचालक प्रशिक्षण लेने के लिए पंजीकरण कर रहे हैं। सूची प्रशासन को भेज दी है। वहीं, जिला स्वास्थ्य अधिकारी कांगड़ा डॉ. विक्रम कटोच ने कहा कि सैलून-ब्यूटी पार्लर संचालकों के प्रशिक्षण के लिए पूरा खाका तैयार कर दिया है। जैसे ही प्रशासन की ओर से निर्देश मिलेंगे, ब्लॉक स्तर पर कार्यशालाओं का शेड्यूल जारी किया जाएगा।
एडीसी कांगड़ा राघव शर्मा ने कहा कि श्रम और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में दुकानें खोलने से पहले सैलून-ब्यूटी पार्लर संचालकों को एक से दो घंटे की ट्रेनिंग दी जाएगी। 26 मई से जिला में स्वास्थ्य विभाग के ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण कार्यशाला प्रस्तावित है। उसके अगले दिन से सैलून-ब्यूटी पार्लर संचालक कर्फ्यू ढील के समय में दुकानें खोल पाएंगे।