हिमाचल के नालागढ़ की नर्स कोरोना पॉजिटिव, परिवार के लोगों को किया क्वारंटीन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में कोरोना वायरस लगातार पांव पसारता जा रहा है। सोलन जिले के विकास खंड नालागढ़ की मझौली पंचायत की एक नर्स रोपड़ में कोरोना संक्रमित पाई गई है। महिला रोपड़ (रूपनगर) के सरकारी अस्पताल में बतौर नर्स तैनात है। यहां उसकी ड्यूटी सैंपलिंग लेने में लगी थीं। बीते दिन रोपड़ में ही 13 डॉक्टरों और स्टाफ के सैंपल पॉजिटिव आ चुके हैं। हिमाचल सीमा पर ढेरोंवाल बैरियर के पास ही बेला मंदिर में महिला का ससुराल है, जबकि मायका रोपड़ के साथ लगते श्यामपुरा में है।
कोरोना महामारी के चलते किए लॉकडाउन के बीच महिला 24 और 9 मई को रोपड़ से हिमाचल अपने ससुराल आई है। बताया जा रहा है कि ढेरोंवाल बैरियर पर प्रवेश बंद होने के चलते महिला किसी चोर रास्ते से आती-जाती रही। पुलिस ने तुरंत हरकत में आते हुए संपर्क और चोर रास्तों को सील कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत इस महिला नर्स के बारे में जानकारी हासिल कर एक टीम इसके घर भेज दी है, जहां पर परिवार के लोगों को क्वारंटीन किया गया है। विभाग ने नर्स के परिवार और संपर्क में आने वालों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजेगा।
नर्स के पॉजिटिव आने के बाद पंजाब से जुड़े सभी चोर रास्ते सील
पंजाब और नालागढ़ से मात्र 20 किलोमीटर दूर रोपड़ (रूपनगर) में महिला नर्स के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद पुलिस ने पंजाब से जुड़ने वाले सभी संपर्क और चोर रास्ते सील कर दिए हैं। नालागढ़ की मंझौली पंचायत की महिला पंजाब के रोपड़ में सरकारी अस्पताल में स्टाफ नर्स है। उसका मायका भी रोपड़ के पास श्यामपुरा में है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक संपर्क मार्ग पहले से सील होने पर महिला नालागढ़ 24 अप्रैल व 9 मई को दो बार चारे रास्ते से रोपड़ से आ चुकी है। नालागढ़-रोपड़ मार्ग पर हिमाचल सीमा पर ढेरोंवाल बैरियर में कोई एंट्री नहीं है। यह पंजाब को जाने वाले एक चोर रास्ते से होकर आई है। पुलिस ने हरकत में आते हुए रोपड़ को जाने वाले हिमाचल क्षेत्र के ढेरमाजरा से पंजाब के साहुमाजरा गांव वाले संपर्क मार्ग और हिमाचल के बसोट से पंजाब के मंगूवाल रास्ते को सील कर दिया है।
महिला के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद इसकी जानकारी मिलते ही नालागढ़ में हड़कंप है। एसपी रोहित मालपानी ने कहा कि पुलिस ने सीमाओं को पहले से ही सील किया है। चोर रास्तों को भी सील किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल से पंजाब को जाने वाले संपर्क मार्ग को पुलिस ने जेसीबी से बंद करवाया दिया है। उधर, एसडीएम नालागढ़ प्रशांत देष्टा ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीम तुरंत ही महिला के घर पर पहुंची और परिवार के लोगों को होम क्वारंटीन कर दिया है। परिवार के लोगों की सैंपलिंग होगी।
एचआर के पॉजिटिव आने के बाद बद्दी की दवा कंपनी व दो होटल किए सील
वहीं, बीते कल पंचकूला में कोरोना संक्रमित मिलने के बाद बद्दी में हलचल तेज हो गई है। कंपनी ने कर्मचारियों को ठहराने के लिए दो होटल बुक किए थे। इन्हें सील कर दिया गया है। दवा कंपनी को भी सील कर दिया है। कंपनी में इस समय करीब दो दर्जन लोग फंसे हैं। इनके सैंपल लिए जा रहे हैं। कंपनी में फंसे ज्यादातर लोग हिमाचल के ही हैं। होटल में कार्यरत युवक भी हिमाचल के ही हैं। जिला पुलिस बद्दी के कप्तान रोहित मालपानी ने बताया कि फार्मा कंपनी में एचआर युवक का परीक्षण पॉजीटिव आया है। यह युवक पांच कई को पंचकूला गया था।
वहां इसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। व्यक्ति की ट्रैवल हिस्ट्री खंगालते हुए हरियाणा प्रशासन ने इसकी जानकारी सोलन प्रशासन को दी। उसके बाद बद्दी में होटल व संबंधित कंपनी को सील कर यहां कार्यरत कर्मचारियों को क्वारंटीन कर दिया है। पुलिस अधीक्षक रोहित मालपानी ने बताया कि सूचना हरियाणा पुलिस से उन्हें मिली है। इसके बाद फार्मा कंपनी में जाकर जांच पड़ताल की जा रही है। युवक का संपर्क इतिहास खंगाला जा रहा है। जिन होटलों में इनको रखा गया है उसमें जाकर भी जांच पड़ताल की जा रही है।