Coronavirus: हिमाचल में 29 नए पॉजिटिव मामले, जानें किस जिले में कितने मरीज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में बुधवार को 29 कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। बिलासपुर में आठ, सोलन में नौ, चंबा में तीन, ऊना दो और कुल्लू छह और सिरमौर में एक मामला आया है। बिहार से लौटे बिलासपुर में संक्रमित पाए गए सात लोग बंदला हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज में होम क्वारंटीन थे। जिले में रात को एक और कोरोना पॉजिटिव मामला आया है। दिल्ली से 9 जुलाई को लौटा घुमारवीं जनदेहड़ का व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया है। नाहन में 23 साल की गर्भवती महिला कोरोना पाजिटिव पाई गई है। महिला को त्रिलोकपुर कोविड केयर सेंटर शिफ्ट किया जा रहा है। संक्रमित महिला के प्राथमिक संपर्कों के बारे में पता लगाया जा रहा है। महिला के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। महिला गोविंदगढ़ मोहल्ला की रहने वाली है। बीएमओ मोनिषा अग्रवाल ने पुष्टि की है। कुल्लू जिले में 31 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। उक्त संक्रमित चार जुलाई को सूडान से दिल्ली आया था और दिल्ली से घर पहुंचा था। यह होम क्वारंटीन में रह रहा था। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. सत्यव्रत वैद्य ने पुष्टि की है। चंबा जिले में तीन कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं।
नोएडा से लौटी सलूणी क्षेत्र की 29 वर्षीय युवती और पांच साल की बच्ची कोरोना संक्रमित निकली हैं। वहीं, पटका में लुधियाना लौटा 34 वर्षीय व्यक्ति भी पॉजिटिव पाया गया है। संक्रमित सिहुंता में संस्थागत क्वारंटीन था। संक्रमित को गुरुवार सुबह कोविड केयर सेंटर चंबा शिफ्ट किया जाएगा। ऊना जिले में भी दो पॉजिटिव मामले आए हैं। इसमें केरल से लौटे नारी चिंतपूर्णी के 28 वर्षीय व्यक्ति और दुबई से लौटे महतपुर के 39 वर्षीय की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दोनों को कोविड केयर सेंटर खड्ड शिफ्ट किया जा रहा है। उधर सोलन जिले में शाम को एक साथ नौ नए कोरोना मामले आए हैं। बीबीएन की रिगले कंपनी में फिर से कोरोना संक्रमित आए हैं। यहां चार नए मामले कोविड संक्रमण के आए हैं। इसी कंपनी में 59 मामले एक साथ आ चुके हैं और कंपनी के 73 मामले पॉजिटिव आ चुके हैं। अभी कई अन्य लोगों के सैंपलों की जांच होनी बाकी है। इसके अलावा जिले में बुधवार को आए नौ मामले कोरोना पॉजिटिव में से पांच मामले सोलन के कुमारहट्टी क्षेत्र के हैं। सोलन के कुमारहट्टी में ठेकेदार के क्वारंटीन किए गए श्रमिकों में से चार पॉजिटिव आए हैं।
छह जुलाई को यह कामगार राजस्थान से आए हैं जिन्हें क्वारंटीन किया गया था। इनकी सैंपलिंग की गई और 21 से 37 साल के चार लोग संक्रमित पाए गए हैं। बल्लभगढ़ से आठ जुलाई को आने के बाद होम क्वारंटीन 21 साल की महिला भी कोरोना पॉजिटिव आई है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनके गुप्ता ने बताया कि शेष 80 सैंपलों की आई रिपोर्ट में नौ पॉजिटिव आए हैं। इन मामलों के बाद जिले में 270 मामले हो गए हैं जिनमें से 161 एक्टिव हैं। जबकि कुल्लू जिले में पांच केस आए हैं। कुल्लू के आनी में पटना बिहार से आए चार और नालागढ़ का एक मजदूर कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। ये सभी आनी में क्वारंटीन थे और बुधवार को आईजीएमसी शिमला में इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। डीसी कुल्लू डॉ. ऋचा वर्मा ने मामलों की पुष्टि की है। इसके साथ ही राज्य में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 1341 पहुंच गया है। सक्रिय मामलों की संख्या 351 है। अब तक 966 मरीज स्वस्थ हो गए हैं। नौ की मौत हो चुकी है। 13 मरीज प्रदेश से बाहर शिफ्ट हो गए हैं। बुधवार को प्रदेश में 28 मरीज ठीक हो गए हैं।
औद्योगिक इकाइयों में आने वाले कामगारों पर सख्त निगरानी के निर्देश
उधर, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को शिमला से प्रदेश के उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रवासी श्रमिकों विशेषकर औद्योगिक इकाइयों में आने वाले कामगारों पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने निर्णय लिया है कि औद्योगिक क्षेत्रों में उद्योगपतियों या उनके ठेकेदारों को प्रशासन की अनुमति के बाद ही कामगारों को लाने की अनुमति होगी और स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी किए गए दिशा-निर्देशों के मुताबिक उन्हें क्वारंटीन किया जाना आवश्यक होगा। बड़ी औद्योगिक इकाइयों को पर्याप्त क्वारंटीन क्षमता सृजित करनी होगी, जबकि छोटी इकाइयां क्वारंटीन सुविधा सृजित करने के लिए किसी एक स्थान को चिन्हित कर सकती हैं। उन्होंने उद्योग श्रम और रोजगार विभाग को औद्योगिक इकाइयों को इस संबंध में समय-समय पर जारी की गई मानक संचालन प्रक्रिया की सख्ती से अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंदिरों और धार्मिक स्थलों में नहीं आएगी भीड़
जयराम ठाकुर ने कहा कि त्योहारों के मौसम के दृष्टिगत एक स्थान पर अधिक भीड़ एकत्रित होने से रोकने के लिए प्रदेश सरकार ने राज्य के मंदिरों और अन्य धार्मिक स्थलों को नहीं खोलने का निर्णय लिया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वैवाहिक और अन्य पारिवारिक कार्यक्रमों में 50 से अधिक लोग जमा न हों। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को संबंधित जिलों में कोविड-19 जांच क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोविड-19 मरीजों के संपर्क में आए सभी लोगों की उचित जांच के अतिरिक्त जुकाम जैसे लक्षण वाले सभी लोगों का कोविड-19 परीक्षण भी सुनिश्चित किया जाए।
61 देशों के 78 शहरों से 1560 लोग गहन चिकित्सीय जांच के बाद प्रदेश में आ चुके
सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि अब तक 61 देशों के 78 शहरों से लगभग 1560 लोग गहन चिकित्सीय जांच के बाद प्रदेश में आ चुके हैं। इनमें 1117 लोग नई दिल्ली हवाई अड्डे, 193 अमृतसर हवाई अड्डे और 248 चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे हैं। 613 उड़ानों के आगमन पर प्रदेश सरकार के अधिकारी नई दिल्ली, अमृतसर और चंडीगढ़ हवाई अड्डों पर उपस्थित थे।