हिमाचल में कोरोना के 29 मरीज हुए ठीक, 11 और नए पॉजिटिव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में रविवार को 29 कोरोना के मरीज ठीक हो गए, जबकि 11 नए मरीज सामने आए हैं। ठीक हुए मरीजों में आठ कांगड़ा, चार चंबा, बिलासपुर-ऊना के तीन-तीन और हमीरपुर के दो मरीजों के अलावा नौ और मरीज स्वस्थ हुए हैं। नए संक्रमित मरीजों में कांगड़ा से चार, हमीरपुर-चंबा से दो-दो, मंडी, बिलासपुर, शिमला से 1-1 शामिल है। गगरेट के एक युवक की दिल्ली से रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह दिल्ली में ही गिना जाएगा।
इस तरह प्रदेश में अब तक 411 मामले कोरोना के आ चुके हैं, जिनमें से 183 मरीज एक्टिव हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कांगड़ा जिले में कलियाड़ा का गुड़गांव से लौटा युवक, दूसरा व्यक्ति नकोदर पंजाब से ढलियारा लौटा, फतेहपुर के जगनोली की अधेड़ महिला संक्रमित निकली है। महिला का कोई यात्रा इतिहास नहीं है। पंचरुखी के मझेरनू की दिल्ली से लौटी 16 साल की छात्रा पॉजिटिव आई है।
हमीरपुर के भोरंज के दो लोग संक्रमित निकले हैं। इनमें मुंबई से लौटा संक्रमित होम क्वारंटीन और दिल्ली से अधेड़ संस्थागत क्वारंटीन था। वहीं मंडी जिले के लडभड़ोल का युवक संक्रमित निकला है। चंबा के पिहुरा में नोयडा से आए पॉजिटिव युवक की अब मां और एक रिश्तेदार भी संक्रमित हुई है। बिलासपुर में दिल्ली से लौटी मुकारना की युवती पॉजिटिव आई है। शिमला जिले के संजौली में दिल्ली से लौटा युवक संक्रमित निकला है।
हमीरपुर, भडरूं और धनेटा के चार वार्ड कंटेनमेंट जोन घोषित
हमीरपुर जिले में कोरोना संक्रमित दो और मामले सामने आने के बाद नगर परिषद हमीरपुर के वार्ड-8 का कुछ भाग तथा नादौन उपमंडल की दो पंचायतों के चार वार्ड कंटेनमेंट जोन घोषित किए गए हैं। जिला दंडाधिकारी हरिकेश मीणा ने इस संदर्भ में आदेश जारी कर दिए हैं।
इन क्षेत्रों में कर्फ्यू में दी गई ढील भी समाप्त कर दी है। हमीरपुर उपमंडल के अंतर्गत नगर परिषद हमीरपुर के नया नगर वार्ड नंबर-8 और नादौन उपमंडल के तहत ग्राम पंचायत भडरूं के गांव बठरूं में कोरोना संक्रमित व्यक्तियों का एक-एक मामला सामने आने की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग की ओर से की गई थी।
इसके दृष्टिगत नगर परिषद हमीरपुर के अंतर्गत वार्ड नंबर-8 के हाउस नंबर 8 से 11 तथा हाउस नंबर 54 से 58 (सामुदायिक पार्क, नया नगर के विपरीत) तथा उपमंडल नादौन के अंतर्गत ग्राम पंचायत भडरूं के वार्ड नंबर-3 (बठरूं गांव), वार्ड नंबर-4 (भडरूं गांव), वार्ड नंबर-2 (हुंडियां गांव) तथा ग्राम पंचायत धनेटा के वार्ड नंबर-4 (धनेटा गांव) को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है।
आदेशों के अनुसार इन क्षेत्रों में कोई भी व्यक्ति अथवा वाहन बाहर से भीतर या भीतर से बाहर नहीं आ-जा सकेगा। आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति स्थानीय प्रशासन द्वारा घरद्वार पर ही की जाएगी। ये आदेश तुरंत प्रभाव से लागू हो गए हैं।