हिमाचल में 67 पुलिस जवानों समेत 288 नए संक्रमित, मुख्य सूचना आयुक्त भी पॉजिटिव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश में बुधवार को 67 पुलिस जवानों समेत 288 कोरोना पॉजिटिव मरीज आए हैं। वहीं, नेरचौक मेडिकल कॉलेज में बालीचौकी के पंजैंइ निवासी 52 वर्षीय कोरोना संक्रमित व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। शिमला जिले में 38, सोलन 55, ऊना 10, कुल्लू 17, सिरमौर आठ, चंबा 13, बिलासपुर 25, मंडी 66, कांगड़ा 49, हमीरपुर चार और चंबा में तीन नए मामले आए हैं। राज्य के मुख्य सूचना आयुक्त नरेंद्र चौहान के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। वहीं, बीते दिन पॉजिटिव आए मुख्यमंत्री के सलाहकार एवं प्रधान निजी सचिव आरएन बत्ता आईजीएमसी शिफ्ट हो गए हैं।
मंडी जिले में थर्ड बटालियन पंडोह के 32 पुलिस जवान पुलिस कोरोना पॉजिटिव हैं। ये सभी पहले थर्ड बटालियन पंडोह में आए 6 पॉजिटिव जवानों के संपर्क बताए जा रहे हैं जो करीब 12 दिन पहले संक्रमित हुए थे। अब सभी 32 जवानों को थर्ड बटालियन पंडोह में ही आइसोलेशन में रखा जा रहा है। नेरचौक मेडिकल कॉलेज के एमएस डॉ. जीवानंद चौहान ने मामलों की पुष्टि की है। डीसी ऋग्वेद ठाकुर ने कहा कि यह भ्रांति फैलाई जा रही है वे सभी संक्रमित जवान पीएम रैली से लौटे हैं। जबकि इनमें से केवल दो जवान रैली में ड्यूटी पर थे और वे भी सीधे तौर पर एक्टिव ड्यूटी में नहीं थे।
पीटीसी डरोह के 35 पुलिस जवानों समेत कांगड़ा जिले में 49 कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। हमीरपुर जिले में बुधवार को चार लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अर्चना सोनी ने बताया कि पॉजिटिव पाए गए लोगों में नादौन उपमंडल के गांव किटपल का 17 वर्षीय युवक और गांव झलान का 37 वर्षीय व्यक्ति शामिल है। ये दोनों लोग कोरोना संक्रमित व्यक्ति के प्राथमिक संपर्क में आने के कारण पॉजीटिव निकले हैं तथा पहले से ही गृह संगरोध में रखे गए थे। इनके अलावा नाल्टी क्षेत्र के गांव पटयाहू के 39 वर्षीय व्यक्ति और सुजानपुर के वार्ड नंबर 8 के 26 वर्षीय युवक की रिपोर्ट भी पॉजीटिव आई है।
सीएम का नहीं होगा कोरोना टेस्ट
वहीं, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का स्वास्थ्य अब बिल्कुल ठीक है। अब उनका कोरोना टेस्ट नहीं होगा। राजधानी शिमला में आईजीएमसी के ऑर्थो विभाग के तीन रेजिडेंट डॉक्टर कोरोना पॉजिटिव आए हैं। संक्रमित डॉक्टर ओपीडी वार्ड से लेकर ऑपरेशन थियेटर में ड्यूटी दे चुके हैं। वहीं शहर के उपनगर संजौली में एक ही भवन से 9 नए मामले सामने आए हैं। इनमें छोटे बच्चों समेत बुजुर्ग भी शामिल हैं। प्रशासन में यहां कंटेनमेंट जोन घोषित करने के निर्देश जारी किए हैं। इसके अलावा ऊपरी शिमला के रामपुर में 5, चिड़गांव, कुमारसैन व टिक्कर में दो- दो और ठियोग में एक मामला सामने आया है।
पूर्व मंत्री भरमौरी, पत्नी और एक रिश्तेदार कोरोना पॉजिटिव
वहीं, चंबा जिले में पूर्व वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी, उनकी पत्नी और एक रिश्तेदार के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सभी होम आइसोलेट हैं। ठाकुर सिंह भरमौरी के पुत्र प्रदेश कांग्रेस सचिव अमित भरमौरी ने बताया कि उनकी माता को हल्का बुखार था। इसके बाद एहतियातन उनका व भरमौरी का टेस्ट किया गया जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। हालांकि, अमित की रिपोर्ट निगेटिव है।