दो जवानों, ट्रैफिक कर्मचारी समेत हिमाचल में 21 कोरोना पॉजिटिव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में रविवार को दो जवानों और ट्रैफिक पुलिस कर्मी समेत कोरोना के 21 नए मामले सामने आए हैं। इसके अलावा प्रदेश में 28 मरीज ठीक भी हुए हैं। संक्रमितों में ऊना में 7, कांगड़ा में 5, चंबा में 4, कुल्लू-सोलन में 2-2 और मंडी में 1 मरीज सामने आया है। ऊना में ट्रैफिक पुलिस कर्मी समेत 7 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। कांगड़ा जिले में बैजनाथ के रजोत में मुंबई से लौटे 61 वर्षीय बुजुर्ग की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
इसके अलावा जवाली के केहरियां में पिता-पुत्री, सपेल में अधेड़ महिला, देहरा के बिलासपुर की युवती संक्रमित पाई गई है। कांगड़ा में 7 मरीज ठीक भी हुए हैं। कुल्लू में संक्रमित मरीजों में आईटीबीपी बटालियन बंदरोल में तैनात 34 वर्षीय जवान और दियार गांव से एक महिला पॉजिटिव निकली। उधर सोलन जिले में नालागढ़ के कालूझिंडा में क्वारंटीन महिला और परवाणू में मिठाई बनाने वाले उद्योग में कार्यरत व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया है।
सोलन में 8 लोगों ने कोरोना को मात भी दी। मंडी के सरकाघाट क्षेत्र में सेना के जवान का सैंपल पॉजिटिव निकला है। उधर ऊना के सैनिक की कोलकाता में कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। चंबा में दो महिलाओं समेत 4 लोग संक्रमित निकले, जिनमें तीन दिल्ली से लौटे किहार ब्लाक से और एक बाथरी का गुडगांव से लौटा मरीज शामिल है।
बच्ची समेत छह और लोगों ने जीती कोरोना से जंग
हमीरपुर जिले में रविवार को छह और लोगों ने कोरोना से जंग जीत ली है। अब जिले में कुल एक्टिव केस 78 रह गए हैं। जबकि, कुल संक्रमित मामलों की संख्या 265 है। फॉलोअप रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद प्रशासन ने स्वस्थ हुए इन छह लोगों को होम क्वारंटीन में भेज दिया है। ये सभी लोग एनआईटी परिसर में स्थापित समर्पित कोविड केयर सेंटर में उपचाराधीन थे। उपायुक्त हरिकेश मीणा ने बताया कि जिले में रविवार शाम तक ठीक होने वाले लोगों की कुल संख्या 184 तक पहुंच गई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अर्चना सोनी ने बताया कि रविवार को ठीक हुए लोगों में गांव टकरूं डाकघर ग्वालपत्थर उपमंडल नादौन के 47 वर्षीय व्यक्ति, टौणी देवी तहसील की ग्राम पंचायत ऊहल के गांव ननोट की 26 वर्षीय युवती, गांव सम्मू डाकघर तरक्वाड़ी का दस वर्षीय बच्चा, गांव खैरी का 22 वर्षीय युवक, गांव ढोग डाकघर जाहू के 53 वर्षीय व्यक्ति और गांव छनेड़ डाकघर थाना की 9 वर्षीय बच्ची शामिल है। फॉलोअप रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद इन्हें घर भेजा गया है।