CoronaVirus in Himachal: 10 पॉजिटिव मरीजों की मौत, झाकड़ी बाजार 21 तक बंद
हिमाचल प्रदेश में बुधवार को 10 और कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हो गई है। टांडा मेडिकल कॉलेज में हमीरपुर नादौन की 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला, शाहपुर डोभ के 72 वर्षीय बुजुर्ग और 90 वर्षीय बुजुर्ग जबकि धर्मशाला अस्पताल में रामनगर के 62 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। सिरमौर में पच्छाद क्षेत्र के 90 वर्षीय संक्रमित की सराहां अस्पताल में मौत हो गई। शिमला में एक संक्रमित महिला और एक पुरुष की मौत हो गई है। कुल्लू की 48 वर्षीय संक्रमित महिला ने भी दम तोड़ दिया। सोलन में भी दो संक्रमितों की मौत हो गई है। 25 दिन के बाद नेरचौक मेडिकल कॉलेज में बुधवार को किसी कोरोना संक्रमित की मौत नहीं हुई है। जोगिंद्रनगर के जिमजिमा गांव से 23 पॉजिटिव मामले आने के बाद गांव कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है।
वहीं, प्रदेश में बुधवार को कोरोना वायरस के 469 नए मामले आए हैं। मंडी 154, शिमला 101, कांगड़ा 48, चंबा 37, हमीरपुर 37, सोलन 36, कुल्लू 21, बिलासपुर 12, सिरमौर 15, ऊना 6 और किन्नौर में 2 नए मामले आए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 50680 पहुंच गया है। 6218 सक्रिय मामले हैं। 43577 मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं। अब तक 836 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। उधर, जिला शिमला के कोरोना हॉटस्पॉट बने रामपुर उपमंडल के तहत आने वाला झाकड़ी में बुधवार को बाजार में एकसाथ 10 व्यापारियों के कोरोना संक्रमित होने के बाद बाद प्रशासन ने यहां दोपहर तीन बजे के बाद धारा 144 लगा दी है, जिसके चलते लोगों घरों से बाहर निकलने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया गया है।
आगामी 21 दिसंबर सुबह छह बजे तक झाकड़ी बाजार बंद रहेगा। हालांकि इस दौरान नेशनल हाईवे पांच पर वाहनों की आवाजाही पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा। एसडीएम रामपुर सुरेंद्र मोहन ने बताया कि झाकड़ी में कोरोना के एकसाथ आए 10 मामलों को ध्यान में रखते हुए झाकड़ी बाजार को आगामी 21 दिसंबर तक कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। झाकड़ी में अगले 21 दिसंबर सुबह 6 बजे तक धारा 144 लागू रहेगी। इस दौरान कोई भी व्यक्ति घर से बाहर न निकले। उन्होंने कहा कि नियमों की अवहेलना करने वालों पर प्रशासन सख्त कार्रवाई अमल में लाएगा।
समोट बाजार छह दिनों से बंद
कंटेनमेंट जोन घोषित किए गए चंबा के समोट बाजार को बंद हुए 6 दिन हो गए हैं। अब लोगों को रोजाना जरूरत के सामान जैसे दूध और सब्जी जैसी चीजों की कमी होने लगी है। बाहर से आने वाली दूध और सब्जी की आपूर्ति बंद पड़ी है, तो मिठाई विक्रेताओं को भी मिठाइयां खराब होने का नुकसान उठाना पड़ रहा है। नायब तहसीलदार सिहुंता भूपेंद्र कश्यप ने बताया कि पेंडिंग सैंपलों की रिपोर्ट आने के बाद बाजार खोलने के बारे में निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने स्थानीय लोगों से संयम की अपील करते हुए रिपोर्ट आते ही तुरंत फैसला लिया जाएगा ताकि किसी को दिक्कत न हो।
कोविड नियमों की अवहेलना पर व्यापारी के खिलाफ केस
पुलिस थाना कुमारसैन में कोविड नियमों की अवहेलना पर एक व्यापारी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। व्यापारी का बेटा और माता कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। बावजूद इसके व्यापारी ने क्वारंटीन के नियमों को दरकिनार किया। नायब तहसीलदार कुमारसैन रमेश चंद ने व्यापारी के खिलाफ कोविड नियमों की अवहेलना पर पुलिस में मामला दर्ज करवाया है। कोरोना पॉजिटिव आने के बाद प्रशासन ने व्यापारी को सात से 17 दिसंबर तक होम आइसोलेट रहने के लिखित आदेश दिए थे। बावजूद इसके वह लगातार दुकान खोलता रहा।
कोरोना काल में व्यापारी ने जानबूझकर दुकान खोली। इससे संक्रमण फैलने का खतरा था। व्यापारी ने प्रदेश सरकार के निर्देशों की भी अवहेलना की। इसके चलते उसके खिलाफ पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 188, 269, 270 और आपदा प्रबंधन अधिनियम की धारा 51 के तहत मामला दर्ज किया है। उधर, डीएसपी रामपुर चंद्रशेखर ने कहा कि पुलिस ने व्यापारी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। व्यापारी की लापरवाही चिंताजनक है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से सरकार और विभागों का सहयोग की अपील की है।