हिमाचल में पांच कोरोना संक्रमितों की मौत, प्रदेश में 201 नए मामले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश में पांच और कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई है। कांगड़ा के देहरा निवासी 61 वर्षीय कोरोना संक्रमित बुजुर्ग को चंबा के सरी वार्ड में दाखिल किया गया था। 24 सितंबर को चंबा से टांडा अस्पताल रेफर किया गया। कोरोना संक्रमित बुजुर्ग निमोनिया से भी ग्रसित था। रविवार देर रात बुजुर्ग ने टांडा अस्पताल में दम तोड़ दिया। शाम को ऊना जिले की 63 वर्षीय कोरोना संक्रमित बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। मृतक महिला को डीसीएचसी धर्मशाला से टांडा रेफर किया गया था।
मेडिकल कॉलेज नेरचौक में भर्ती सुंदरनगर डिनक के 65 वर्षीय कोरोना संक्रमित बुजुर्ग ने भी दम तोड़ दिया। मृतक को सर्दी जुखाम और बुखार की शिकायत थी। बिलासपुर अस्पताल में घुमारवीं उपमंडल के पेहड़वी गांव के 43 वर्षीय संक्रमित व्यक्ति की मौत हो गई है। आईजीएमसी में चौपाल के 18 वर्षीय कोरोना पॉजिटिव युवक मरीज की मौत हो गई है। मृतक कुछ समय पहले सड़क हादसे में घायल हुआ था। 25 सितंबर को उसे आईजीएमसी के सर्जरी विभाग में दाखिल किया गया था लेकिन 28 सितंबर को मरीज का कोरोना टेस्ट करवाया गया जिसकी पॉजिटिव आई। आईजीएमसी के प्राचार्य डॉ. रजनीश पठानिया ने इसकी पुष्टि की है। सोलन जिले के नालागढ़ के खेड़ा के एक भाजपा नेता की मां की मौत हो गई है। कोरोना संक्रमित 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने पीजीआई चंडीगढ़ में दम तोड़ा।
वहीं, सोमवार को प्रदेश में कोरोना वायरस के 201 नए मामले आए हैं। चंबा 23, मंडी 14, सोलन 23, हमीरपुर 20, बिलासपुर 14, सिरमौर 20, ऊना 11, कुल्लू एक, शिमला 36 और कांगड़ा में 39 नए मामले आए है। इसके साथ ही प्रदेश में संक्रमितों का कुल 16033 हो गया है। 3156 सक्रिय मामले हैं। अब तक 12633 मरीज ठीक हो गए हैं। सोमवार को 292 और मरीज ठीक हो गए हैं। 219 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। पूर्व मंत्री रविंद्र रवि और टांडा मेडिकल कॉलेज का डॉक्टर की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। आईजीएमसी के सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
विधायक बंजार भी पॉजिटिव
बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पीएम मोदी के अटल टनल रोहतांग के लोकार्पण कार्यक्रम को देखते हुए विधायक का एक अक्तूबर को कोरोना सैंपल लिया गया था, जिसकी दो अक्तूबर को रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बंजार विधायक के प्राइमरी संपर्क में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और वन मंत्री राकेश पठानिया समेत कई लोग आए हैं। वहीं, विधायक सुरेंद्र शौरी ने पीएम दौरे की तैयारियों को लेकर हुई बैठकों में हिस्सा लिया था। विधायक के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उन्होंने अपने फेसुबक पेज के माध्यम से उनके संपर्क में आए लोगों को आइसोलेट के साथ कोविड टेस्ट करवाने की अपील की है।
शहरी विकास मंत्री के बेटे के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एहतियातन तौर पर सोमवार को प्राथमिक संपर्क में आए सदस्यों के सैंपल लिए हैं। सुरेश भारद्वाज के कोरोना सैंपल की रिपोर्ट कल आएगी। वहीं, कोरोना संक्रमित व्यक्ति के प्राथमिक संपर्क में आने के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर तीन दिन के लिए होम क्वारंटीन हो गए हैं। सीएम तीन दिन तक घर से ही काम करेंगे। एडीएम भरमौर कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर जानकारी शेयर करते हुए उनके संपर्क में आए लोगों को होम आइसोलेट होने और कोरोना टेस्ट कराने की सलाह दी है। बीएमओ भरमौर डॉ. अंकित शर्मा ने इसकी पुष्टि की है।
मनाली में मुख्यमंत्री और कुल्लू में वनमंत्री से मिले थे विधायक शौरी
बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी के कोरोना संक्रमित आने से हड़कंप मच गया है। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद वे बंजार स्थित अपने घर पर होम क्वारंटीन हो गए हैं। प्रशासन ने उनके घर को कंटेनमेंट जोन तथा आसपास के इलाके को बफर जोन बनाया है। विधायक एक अक्तूबर को जिला मुख्यालय कुल्लू में वन मंत्री राकेश पठानिया से मिले और अगले दिन दो अक्तूबर सुबह वे मनाली के सासे हेलीपैड में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के संपर्क में आए।
इसके बाद उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई थी। उनके पीएसओ समेत अन्य स्टाफ भी होम क्वारंटीन हो गया है। उधर, सीएमओ कुल्लू डॉ. सुशील शर्मा ने कहा कि विधायक सुरेंद्र शौरी ने अपना सैंपल कहां दिया और उनकी रिपोर्ट कब आई उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। एसडीएम बंजार हेमचंद वर्मा ने कहा कि उन्हें लिखित में कुछ भी नहीं आया है। विधायक के घर को कंटेनमेंट जोन बनाया है। डीसी कुल्लू से इस बारे संपर्क किया गया तो उनका फोन नेटवर्क कवरेज क्षेत्र से बाहर था।