कांस्टेबल भर्ती पेपर लीक मामला: एसआईटी ने नालागढ़ से गिरफ्तार किए चार युवक, चारों ने लिए थे 65 से ज्यादा अंक
एसआईटी ने नालागढ़ से चार युवकों को गिरफ्तार किया है। सभी ने परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र देख लिया था और 65 से ज्यादा अंक हासिल किए। एसपी सोलन वीरेंद्र शर्मा ने इसकी पुष्टि है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा के पेपर लीक मामले में चार और युवकों को गिरफ्तार किया गया है। विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने इन्हें नालागढ़ से गिरफ्तार किया है। चारों यहीं के रहने वाले हैं। कोर्ट में पेशी के बाद इन्हें छह दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। लिखित परीक्षा में चारों के 65 से ज्यादा नंबर आए थे और जिले के टॉपर थे। प्रारंभिक पूछताछ में युवकों ने कबूल किया है कि उन्होंने परीक्षा से पहले ही प्रश्न पत्र देख लिया था। हालांकि, अभी अन्य साथियों सहित बैंक ट्रांजेक्शन के बारे में युवकों ने कुछ नहीं बताया है। एसपी सोलन वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस युवकों से पूछताछ कर रही है। इस मामले में अभी और गिरफ्तारियां होंगी।
उल्लेखनीय है कि एसआईटी ने सोलन में 60 फीसदी से अधिक अंक लेने वाले अभ्यर्थियों को पूछताछ के लिए बुलाया था। इस बीच इन चारों का एक टेस्ट भी लिया गया था। टेस्ट के बाद पुलिस को इन पर शक हुआ। पुलिस ने चारों की मोबाइल और यात्रा की डिटेल खंगाली तो पता चला कि परीक्षा से पहले चारों बाहरी राज्यों में गए थे। कड़ी पूछताछ हुई तो चारों ने कबूल कर लिया कि उन्होंने परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र देख लिया था। प्रदेश भर में इस मामले में अब तक 24 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।
27 मार्च को हुई थी परीक्षा
पुलिस कांस्टेबलों के 1,334 पदों की भर्ती के लिए 27 मार्च को लिखित परीक्षा हुई थी। 5 अप्रैल को परिणाम घोषित हुआ। प्रदेश भर में 81 परीक्षा केंद्रों में पेपर हुआ था। पेपर लीक होने के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने परीक्षा रद्द कर दी थी।