कांग्रेस ने लिया बड़ा फैसला, इन नेताओं के टिकट पर हाईकमान लेगा निर्णय
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस हाईकमान ने हिमाचल विधानसभा चुनाव के लिए टिकट आवंटन पर बड़ा फैसला लिया है। चुनाव की तिथियां घोषित होने से ठीक पहले इस तरह का फैसला आने से प्रदेश कांग्रेस के नेताओं में असमंजस की स्थिति बन गई है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को किस विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतारना है, इसका फैसला हाईकमान करेगा। इन नेताओं को पार्टी कार्यालय में चुनाव लड़ने के लिए विधानसभा क्षेत्र का नाम बताना होगा।
इसके बाद लिस्ट हाईकमान को भेजी जाएगी। स्वीकृति मिलने के बाद इनका विधानसभा क्षेत्र तय माना जाएगा। इसके बाद वरिष्ठ नेता पार्टी कार्यालय में टिकट का शुल्क जमा कराएंगे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में मुख्यमंत्री, मंत्री, पार्टी अध्यक्ष और पूर्व अध्यक्ष शामिल हैं।
इन मंत्रियों ने अभी तक नहीं किया आवेदन
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री विद्या स्टोक्स और कई ऐसे मंत्री हैं, जिन्होंने अभी टिकट के लिए आवेदन नहीं किया है। हालांकि, पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने 25 हजार रुपये शुल्क जमा कराकर नादौन विधानसभा क्षेत्र से टिकट के लिए आवेदन किया है।
पार्टी कार्यालय में करीब साढ़े पांच सौ इच्छुक उम्मीदवारों ने कांग्रेस टिकट के लिए आवेदन किया है। इनमें 11 महिलाएं भी शामिल हैं। पार्टी कार्यालय ने जिला और ब्लॉकों से आवेदकों की सूची मांग ली है। डाटा एकत्र होने के बाद पार्टी कार्यालय में इन आवेदनों की स्क्रूटनी होगी।
हाईकमान को भेजे जाएगे नाम
प्रदेश कांग्रेस महासचिव नरेश चौहान ने कहा कि हाईकमान के आदेशानुसार वरिष्ठ नेताओं को टिकट के लिए आवेदन करने की जरूरत नहीं होती है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से सलाह करने पर ही टिकट आवंटित होते हैं। पार्टी कार्यालय भी वरिष्ठ नेताओं की इच्छानुसार ही चुनाव लड़ने वाले विधानसभा क्षेत्र का नाम हाईकमान को भेजता है।