फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Congress national spokesperson Abhishek Manu Singhvi filed nomination for Rajya Sabha from Himachal.

Shimla News: हिमाचल से राज्यसभा के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने दाखिल किया नामांकन

Thu, 15 Feb 2024 11:01 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला ब्यूरो, शिमला
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला Published by: Krishan Singh Updated Thu, 15 Feb 2024 11:01 PM IST
सार

कांग्रेस हाईकमान ने सिंघवी को चौथी बार राज्यसभा भेजने के लिए हिमाचल से प्रत्याशी बनाया है। सिंघवी  विधानसभा सचिवालय में नामांकन पत्र दाखिल किया। 

विज्ञापन
Congress national spokesperson Abhishek Manu Singhvi filed nomination for Rajya Sabha from Himachal.
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने भरा नामांकन - फोटो : संवाद

विस्तार

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता और वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने गुरुवार को हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा के लिए अपना नामांकन भरा। कांग्रेस हाईकमान ने सिंघवी को चौथी बार राज्यसभा भेजने के लिए हिमाचल से प्रत्याशी बनाया है। सिंघवी  विधानसभा सचिवालय में नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू, प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ल व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह मौजूद रहीं। भाजपा ने नड्डा को गुजरात से पार्टी प्रत्याशी घोषित किया है। नड्डा का हिमाचल से बतौर राज्यसभा सांसद छह साल का कार्यकाल 2 अप्रैल को पूरा हो रहा है। इनकी जगह अब कांग्रेस से सिंघवी प्रदेश से राज्यसभा में जाएंगे। 

विज्ञापन


चुनाव में प्रतिद्वंद्वी होना लोकतंत्र की खूबसूरती : सिंघवी
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और प्रदेश से राज्यसभा प्रत्याशी अभिषेक मनु सिंघवी ने उन्हें पार्टी उम्मीदवार बनाने के लिए हाईकमान का आभार जताया है। नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि उनका हिमाचल से कानूनी और पारिवारिक तौर पर नाता है। उनकी पुत्रवधु जिला कांगड़ा के पालमपुर से हैं। विपक्ष की तरफ से हर्ष महाजन को राज्यसभा उम्मीदवार बनाने पर सिंघवी ने कहा कि चुनाव में प्रतिद्वंद्वी होना ही लोकतंत्र की खूबसूरती है। गणतंत्र में सभी को चुनाव लड़ने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि हिमाचल का मौसम ठंडा जरूर होता है लेकिन भावनाओं की गरमाहट है। प्रदेश छोटा है लेकिन यहां के लोगों का दिल बड़ा है।
विज्ञापन


मुख्यमंत्री सुक्खू के नेतृत्व में सरकार का कार्य बेहतरीन है। प्रदेश के विकास की गति में मैं भी अपना योगदान दूंगा। सुप्रीम कोर्ट द्वारा चुनावी बॉन्ड योजना को रद्द करने पर अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि इसका लाभ भाजपा को होता रहा है। देश के सभी दलों के मुकाबले भाजपा को चुनावी बॉन्ड अधिक मिलता रहा है। सुप्रीम कोर्ट का फैसला देर से आया है लेकिन सही फैसला आया है। कांग्रेस पार्टी इसका स्वागत करती है। वाटर सेस नहीं देने वाली कंपनियों के वकील होने के नेता विपक्ष की ओर से लगाए गए आरोप पर सिंघवी ने कहा कि उन्हें वकालत के पेशे का शायद ज्ञान नहीं है। मुझसे मिलकर इस बारे में जानकारी ले सकते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


सिंघवी के पास 70 लाख
 हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा सदस्य के लिए नामांकन करने वाले कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशियाें के पास करोड़ों रुपये की संपत्ति है। दोनों के पास मर्सिडीज बेंज कंपनी की गाड़ियां भी हैं।  विधानसभा सचिवालय में दोनों प्रत्याशियों की ओर से जमा करवाए गए शपथ पत्रों में यह जानकारी दी गई है। कांग्रेस प्रत्याशी अभिषेक मनु सिंघवी के पास 70 लाख और उनकी पत्नी के पास 2.84 लाख रुपये की नकदी है। सिंघवी की चल-अचल संपत्ति करोड़ों में है। उनके पास मर्सिडीज बेंज, टोयोटा फार्चुनर सहित दो अन्य गाड़ियां भी हैं। 500 ग्राम सोना और 60 किलो चांदी है।

बहुमत कांग्रेस के पास, विपक्ष की ओर से पहले भी दिए गए हैं उम्मीदवार : सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि बहुमत कांग्रेस के साथ है। अभिषेक मनु सिंघवी का विजयी होना तय है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी विपक्ष की तरफ से नामांकन पत्र भरे जाते रहे हैं। चौथी बार विपक्ष की ओर से उम्मीदवार दिया गया है। औपचारिकता के तौर पर विपक्ष उम्मीदवार उतारता रहा है। एक बार कांग्रेस ने भी बहुमत नहीं होने पर अमर नाथ बिजवाड़िया को चुनाव मैदान में उतारा था। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यसभा सदस्य के लिए चुनाव 27 फरवरी को होगा। भाजपा को तब पता चल जाएगा। कांग्रेस का कोई भी विधायक नाराज नहीं है। भाजपा तो एक साल से आपरेशन लोटस की बात करती आई है। कांग्रेस पूरी तरह से एकजुट है।    

कांग्रेस के पास पूर्ण बहुमत, राज्यसभा चुनाव में भाजपा की होगी हार : प्रतिभा
 प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी के प्रदेश से कांग्रेस पार्टी से राज्यसभा के लिए नामांकन भरने पर खुशी व्यक्त करते उन्हें जीत के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा है कि प्रदेश से राज्यसभा के लिए सिंघवी की जीत पक्की है। कांग्रेस के पास पूर्ण बहुमत है, भाजपा को हार का मुंह देखना पड़ेगा। प्रतिभा सिंह ने कहा है कि सिंघवी के राज्यसभा के लिए चुने जाने से व उनके लंबे राजनीतिक अनुभव से प्रदेश कांग्रेस सरकार को मजबूती मिलेगी और संसद के ऊपरी सदन राज्यसभा में प्रदेश के हितों की आवाज प्रमुखता से उठेगी। उन्होंने कहा कि सिंघवी एक वरिष्ठ अधिवक्ता के साथ राजनीति में अनुभवी नेता हैं और उनके मार्ग दर्शन से प्रदेश में कांग्रेस को मजबूती भी मिलेगी।

लोकसभा चुनाव को कांग्रेस तैयार, फील्ड में भेजे जाएंगे सभी मंत्री : शुक्ल
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी और सांसद राजीव शुक्ल ने कहा है कि पार्टी लोकसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। हिमाचल प्रदेश की चारों लोकसभा सीट पर मंत्रियों की ड्यूटी लगाकर उन्हें ग्राउंड जीरो पर भेजा जाएगा। लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस का आंतरिक सर्वे भी चल रहा है। जल्द ही पार्टी प्रत्याशियों के नाम तय कर दिए जाएंगे। वीरवार को विधानसभा परिसर पहुंचे राजीव शुक्ल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार लगातार अपने कार्यक्रम सरकार गांव के द्वार के माध्यम से भी जनता तक पहुंचने का काम कर रही है।

राजीव शुक्ल ने कहा कि कांग्रेस की गारंटियों पर सवाल उठाने वाली भाजपा को पहले पीएम मोदी की गारंटियों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने से पहले हर साल दो करोड़ रोजगार का वादा किया गया था। इस मुताबिक देश के लोगों को अब तक 20 करोड़ रोजगार मिलने थे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तो सत्ता में आने से पहले हर बैंक खाते में 15 लाख रुपये डालने की भी बात कही थी। उन्हें बताना चाहिए कि क्या हर नागरिक के खाते में 15 लाख रुपये आ गए हैं।

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि सत्ता में आने से पहले कांग्रेस ने जो गारंटियां दी हैं, उन्हें चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। गारंटी के मुताबिक पुरानी पेंशन बहाल की जा चुकी है। महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये की गारंटी पर काम चल रहा है। सरकार किसानों से दूध की खरीद भी कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार अपनी हर गारंटी पूरी करेगी। शुक्ल ने कहा कि केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश की राज्य सरकार के साथ भेदभाव कर रही है। विकट आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद राज्य सरकार ने प्राकृतिक आपदा प्रभावितों तक राहत पहुंचाने का काम किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल प्रदेश को अपना दूसरा घर तो बताते हैं, लेकिन एक बार भी आपदा आने के बाद हिमाचल प्रदेश का दौरा करने के लिए यहां नहीं आए।

प्रतिभा सिंह ने कांग्रेस के केंद्रीय वॉर रूम के पदाधिकारियों को दिए चुनावी टिप्स
लोकसभा चुनावों के लिए गठित कांग्रेस की केंद्रीय वॉर रूम के पदाधिकारियों की वॉर रूम के अध्यक्ष अमित पाल सिंह की अध्यक्षता में वीरवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में बैठक हुई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने वॉर रूम के पदाधिकारियों को चुनावी टिप्स दिए। प्रतिभा सिंह ने एकजुटता के साथ कार्य करने व आपसी तालमेल से कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि किसी भी चुनाव के समय वॉर रूम का बहुत ही महत्वपूर्ण योगदान होता है। चुनाव मैदान में पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ एक सेतु के तौर पर वॉर रूम कार्य करता है। उन्होंने कहा कि जिसे जो भी जिम्मेदारी दी जा रही है, उसे पूरी निष्ठा व ईमानदारी से निभाना होगा।
 

अमित पाल सिंह ने वॉर रूम के सदस्यों से पूरे तालमेल से कार्य करने पर बल देते हुए कहा कि वॉर रूम के दैनिक कार्यों की समीक्षा दैनिक आधार पर की जाएगी। वॉर रूम का सीधा संपर्क बीएलए, बूथ एजेंट से रखा जाएगा और उससे समय समय पर उसके क्षेत्र की पूरी ग्राउंड रिपोर्ट ली जाएगी। उन्होंने कहा कि वॉर रूम के सभी सदस्यों को केंद्रीय आला कमान के दिशानिर्देश पर कार्य करना होगा। बैठक में मीडिया व सोशल मीडिया के साथ तालमेल की रूप रेखा पर भी विचार किया गया। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता जीएस तोमर को मीडिया के साथ समन्वयक व नितिन राणा को सोशल मीडिया के साथ समन्वयक की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में कांग्रेस महासचिव यशवंत छाजटा, हरिकृष्ण हिमराल, तरुण पाठक, चंद्रमोहन, कैप्टन एसके सहगल, नितिन राणा, वीरेंद्र जसवाल, डॉ. दिनेश शर्मा, त्रिलोक सूर्यवंशी, कैप्टन अतुल शर्मा, विक्रम शर्मा, हार्दिक शर्मा, रणदीप ठाकुर, विवेक शर्मा, दवेंद्र शर्मा व विनय मेहता भी मौजूद रहे।

जिला परिषद सदस्य कौशल मुंगटा ने शिमला से जताई कांग्रेस टिकट पर दावेदारी
वहीं,  जिला परिषद सदस्य और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया पैनलिस्ट कौशल मुंगटा ने वीरवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में शिमला संसदीय क्षेत्र से पार्टी टिकट के लिए आवेदन किया। मुंगटा ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस में अपना सफर 8 वर्ष पूर्व एनएसयूआई से शुरू किया था। कांग्रेस की मातृ विंग सेवादल के अध्यक्ष रहे। युवा कांग्रेस के निर्वाचित महासचिव व बाद में तीन वर्षों से हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में मीडिया पैनलिस्ट के पद पर सेवाएं दे रहे हैं। उनसे अधिक मतों से जिला शिमला में कोई भी जिला परिषद का चुनाव नहीं जीता है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed