हिमाचल: चार बार विधायक और दो बार मंत्री रहे कांग्रेस नेता जीएस बाली का निधन
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जीएस बाली का लंबी बीमारी के बाद 67 साल की उम्र में निधन हो गया। एम्स दिल्ली में उन्होंने अंतिम सांस ली। 27 जुलाई 1954 को जन्में जीएस बाली नगरोटा बगवां से चार बार विधायक और दो बार मंत्री रहे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के तेजतर्रार नेता जीएस बाली (67) का शुक्रवार रात करीब सवा नौ बजे नई दिल्ली के एम्स में निधन हो गया। किडनी ट्रांसप्लांट के बाद अस्वस्थता के चलते बाली कुछ दिनों से एम्स में भर्ती थे। बाली के निधन की सूचना खुद उनके बेटे रघुवीर सिंह बाली ने शनिवार सुबह सोशल मीडिया पर दी। इस पोस्ट में ‘बाली रहे न रहे, अपने लोगों के दिलों में हमेशा रहेगा’ पंक्तियां भी लिखी हैं। इसके बाद सोशल मीडिया बाली को श्रद्धांजलि की पोस्टों से भर गया। बाली नगरोटा बगवां विस क्षेत्र से चार बार विधायक, जबकि दो बार वीरभद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे। उनके पास परिवहन, खाद्य आपूर्ति, पर्यटन और तकनीकी शिक्षा विभाग का प्रभार रहा।
उनके निधन पर कांग्रेस की कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी के अलावा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री समेत कई दिग्गज नेताओं ने शोक जताया।जीएस बाली कुछ वर्षों से अस्वस्थ चल रहे थे। हालांकि, कुछ माह पहले बाली की सेहत में सुधार हो रहा था, लेकिन अचानक उनके निधन से हर कोई स्तब्ध है। बाली के पार्थिव शरीर को दिल्ली से विशेष विमान से शाम करीब साढ़े पांच बजे कांगड़ा एयरपोर्ट पर लाया गया। समर्थकों को जैसे ही सूचना मिली कि उनके नेता का पार्थिव शरीर कांगड़ा एयरपोर्ट पर शाम को विशेष विमान से लाया जा रहा है तो वहां हजारों लोग अपने नेता के दर्शन करने उमड़ पड़े। इसके बाद बाली के पार्थिव शरीर को उनके घर कांगड़ा ले जाया गया। घर पर भी हजारों लोग इकट्ठा हो गए थे।
चामुंडा में शाम चार बजे होगा अंतिम संस्कार
बाली की पार्थिव देह का अंतिम संस्कार रविवार को चामुंडा मंदिर के पास श्मशानघाट में किया जाएगा। सुबह करीब 10 बजे कांगड़ा स्थित घर से उनकी अंतिम यात्रा नगरोटा बगवां के लिए निकलेगी। नगरोटा बगवां ओबीसी भवन में उनके पार्थिव शरीर को दोपहर दो बजे तक अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। दो बजे उनके पार्थिव शरीर को चामुंडा धाम ले जा जाएगा। यहां पर शाम करीब 4 बजे अंतिम संस्कार होगा। बाली ने अपने बेटे से पहले ही कहा था कि उनका अंतिम संस्कार चामुंडा में किया जाए।
सफरनामा
जीएस बाली, वरिष्ठ नेता कांग्रेस
(27 जुलाई 1954-29 अक्तूबर 2021)
- नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक
- हिमाचल सरकार में महत्वपूर्ण विभागों में दो बार मंत्री रहे
- बाली 1990 से 1997 तक कांग्रेस के विचार मंच के संयोजक, सेवादल के अध्यक्ष, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त सचिव जैसे पदों पर रहे।
- वर्ष 1998 में पहली बार नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र से विधायक बने।
- 1998 से लगातार 4 बार 2003, 2007 और 2012 में जीत दर्ज कर विधानसभा पहुंचे। 2003 और 2012 में कांग्रेस सरकार में वरिष्ठ मंत्री रहे।
बाली के निधन पर कांग्रेस ने पांच दिन टाले कार्यक्रम
पूर्व मंत्री जीएस बाली के निधन पर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला और सह प्रभारी संजय दत्त ने शोक जताया है। वरिष्ठ नेता के निधन पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में शोक सभा का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर सहित कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दिवंगत नेता को श्रद्धासुमन अर्पित किए कांग्रेस ने अगले पांच दिन तक अपने सभी तरह के कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि पूर्व मंत्री जीएस बाली के निधन से कांग्रेस ने एक कर्मठ, कर्तव्यनिष्ठ और लोगों के प्रति समर्पित नेता को खो दिया है। वे पार्टी की मजबूती के लिए समर्पित रहते थे। प्रदेश के विकास कार्यों और नगरोटा बगवां के विकास में उनके योगदान को जनता हमेशा याद रखे जाएंगे। राठौर अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए कांगड़ा के लिए रवाना हो गए हैं।
शोक सभा में पूर्व विधायक आदर्श सूद, प्रदेश कांग्रेस सचिव हरीकृष्ण हिमराल, जिला शिमला ग्रामीण अध्यक्ष यशवंत छाजटा, आईएन मेहता, सचिव वेद प्रकाश ठाकुर, यशपाल तनाईक, अनुराग संगराल, महिला कांग्रेस की वृंदा सिंह, शांता राजटा, जिला महिला अध्यक्ष बनिता वर्मा, सत्या वर्मा, सुनीता ठाकुर, दीक्षा सिंघा अन्य कांग्रेस नेता शामिल रहे। पूर्व अध्यक्ष और विधायक सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि पूर्व मंत्री बाली के निधन से पार्टी ने एक अच्छा नेता खो दिया है। प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति की अध्यक्ष विप्लव ठाकुर ने दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना भगवान से की है। मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह और विधायक विक्रमादित्य सिंह, पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा और हर्ष महाजन ने भी शोक जताया है।