कांग्रेस जांच कमेटी ने राठौर को सौंपी 90 पन्नों की रिपोर्ट, आधा दर्जन से ज्यादा नेताओं से जवाब तलब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोशल मीडिया में वरिष्ठ नेताओं पर आपत्तिजनक बयानबाजी करने के मामले में चार सदस्यीय जांच कमेटी ने सोमवार को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर को 90 पन्नों की रिपोर्ट सौंप दी है।
इस रिपोर्ट में पांवटा के एक पदाधिकारी पर सीधी कार्रवाई की सिफारिश की गई है जबकि आधा दर्जन से ज्यादा कांग्रेसियों से जवाब तलब किया जाएगा। बताया जा रहा है कि जवाब मिलने के बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई के अलावा कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
सूत्रों के मुताबिक जांच कमेटी ने दोपहर बाद 2:30 बजे रिपोर्ट सौंपी। रिपोर्ट के साथ आपत्तिजनक बयानों के स्क्रीन शॉट की फोटो प्रतियां भी संलग्न की गई हैं। कमेटी ने जांच के दौरान उन बयानों को जुटाया है, जो सोशल मीडिया में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ दिए जाते रहे।
कमेटी ने यह बात भी सामने लाई है कि सोशल मीडिया के जिस ग्रुप में आपत्तिजनक बयान जारी किए थे, उसका एडमिन एक पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष है। इन्होंने भी ऐसे सदस्यों को ग्रुप से बाहर नहीं किया।
जरूरी हुआ तो कोर्ट में करेंगे केस
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा है कि जांच कमेटी ने 90 पन्नों की जांच रिपोर्ट सौंप दी है। इस रिपोर्ट का अध्ययन करने के बाद दोषी पदाधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ी तो ऐसे नेताओं के खिलाफ कोर्ट में केस भी किया जाएगा।
इन नेताओं पर की थीं आपत्तिजनक टिप्पणियां
सोशल मीडिया में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर और महासचिव रजनीश किमटा के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं।