मोदी, केजरीवाल के खिलाफ प्रचार करेंगे वीरभद्र
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह कांग्रेस के पक्ष में प्रचार के लिए दिल्ली चुनाव में कूदने वाले हैं। वह 1 से 5 फरवरी तक दिल्ली में वोट मांगेंगे। यहां वो मोदी और केजरीवाल के खिलाफ कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए प्रचार करने वाले हैं।
हालांकि अभी दिल्ली में कांग्रेस की हालत बेहद खस्ता है। ऐसे में देखना है कि आखिर सीएम वीरभद्र वहां जनता में कितना दम भर पाते हैं। वहीं, इससे पहले पालमपुर उपमंडल के तीन चुनाव क्षेत्रों का दौरा वह कर सकते हैं।
29 से 31 जनवरी के बीच उनका जयसिंहपुर, पालमपुर का दौरा बन रहा है। इसके बाद वह दिल्ली जाएंगे और दिल्ली से शिमला लौटेंगे। क्योंकि 6 और 7 फरवरी को प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बैठक शिमला में होगी, जिसमें राज्य कांग्रेस प्रभारी अंबिका सोनी भी आ रही हैं।
यहां का दौरा भी करेंगे सीएम
मुख्यमंत्री चंबा से 17 जनवरी को हमीरपुर आएंगे और इसके बाद हमीरपुर और ऊना जिला का दौरा होगा। यहां से वह शिमला जाएंगे जहां योजना विभाग ने विधायक प्राथमिकताओं के लिए 23 और 24 जनवरी को बैठकें हैं।
सीएम के काफिले की गाड़ी स्किड
धर्मशाला से चंबा जाते समय सीएम वीरभद्र सिंह के काफिले की एक गाड़ी स्किड़ होकर अगली गाड़ी के बंपर से हलके बल से टकरा गई। काफिले की गाड़ी द्रम्मण के पास स्किड़ हुई। हल्की टक्कर के चलते कोई भी अप्रिय घटना नहीं हुई।
एसपी कपिल शर्मा ने कहा कि गाड़ी कीचड़ पर स्किड़ हुई थी। ऐसे में अगली गाड़ी से हल्की टक्कर हुई है। दोनों गाड़ियों को नुकसान नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह धर्मशाला में केबिनेट बैठक के बाद चंबा दौरे के लिए जा रहे थे।