पब्लिक चाहेगी तो बनेंगे और नगर निगम: वीरभद्र सिंह
- सीएम बोले - जनता मांग करेगी तो ठीक, जबरन नहीं थोपूंगा फैसला
- सोनिया गांधी ने मौका दिया, जनता ने छठी बार सीएम बनाया
- हिमाचल या केंद्र जहां भी हाईकमान कहेगा, वहां काम करूंगा
- गडकरी की वजह से करोड़ों के नेशनल हाईवे मिले हिमाचल को
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने हिमाचल में और नगर निगम बनाने के संकेत दिए हैं। उन्होंने धर्मशाला नगर निगम की तर्ज पर प्रदेश के अन्य बड़े शहरों में भी जनता की मांग पर नगर निगम बनाने की बात कही है। सीएम ने कहा कि वे जनता पर कोई भी फैसला जबरन नहीं थोपते हैं। अगर जनता मांग करेगी तो वे बड़ों शहरों को नगर निगम बनाएंगे बशर्ते पहले वहां के लोग मानसिक तौर पर तैयार हों।
जिन शहरों की जनता चाहेगी, वहां सरकार नगर निगम बनाएगी। दाड़ी में सीएम ने कहा कि सोनिया गांधी ने उन्हें मौका दिया जबकि छठी बार सीएम जनता ने बनाया है। वह केंद्र और प्रदेश दोनों जगह काम करने के लिए तैयार हैं। हाईकमान जो भी जिम्मेदारी देगा, वह उसे फर्ज समझकर निभाएंगे। एक अन्य सवाल के जवाब में सीएम ने कहा कि गडकरी के साथ बाली का घूमना प्रोटोकोल के तहत आता है।
नितिन गडकरी पर दिखाई नरमी- दिल्ली में मोदी सरकार के खिलाफ भड़ास निकालकर धर्मशाला पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी पर खूब नरमी दिखाई। सीएम ने कहा कि गडकरी का यहां आना अच्छी बात है। उनके धर्मशाला आने का हिमाचल को फायदा ही हुआ।
गडकरी की वजह से करोड़ों के नेशनल हाईवे प्रदेश को मिले। हालांकि, सीएम ने केंद्र पर निशाना साधा। कहा कि केंद्र सरकार कांग्रेस शासित राज्यों में राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से काम कर रही है। हिमाचल में कांग्रेस मजबूत है।
अभी मैं फिट, सातवीं पारी खेलने को तैयार
भाजपा द्वारा इस्तीफे की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें प्रदेश की जनता ने चुना है न कि भाजपा ने। इसलिए, मैं भाजपा के कहने पर इस्तीफा क्यों दूं। उन्होंने कहा कि वह अभी पूरी तरह फिट हैं। जनता की मांग पर सातवीं पारी के लिए भी तैयार हैं।
भाजपा कुएं का मेंढक- मुख्यमंत्री ने दाड़ी में जनसभा के दौरान भाजपा पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि वह सिर्फ भाजपा की सीमित विचारधारा का विरोध करते हैं। उनका किसी से कोई विरोध नहीं है।
हिमाचल में क्षेत्रवाद और जातिवाद के शब्द को भाजपा ने ही जन्म दिया। इसलिए, भाजपा कुएं के मेंढक के समान है। धर्म पर राजनीति करने वालों को सीएम ने सचेत किया। उन्होंने कहा कि अगर कोई यह समझेगा कि पूरे देश में सिर्फ हिंदू ही हो जाएं तो ऐसा नहीं होगा।
सुधीर मेरा बल भी और कमजोरी भी- जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने खुले मंच से शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा के प्रति अपना मोह जाहिर किया। शहर के ग्रामीण क्षेत्र के लिए 300 सोलर लाइटों की मांग पर सीएम ने कहा कि सुधीर शर्मा मेरा बल भी हैं और मेरी कमजोरी भी। इसलिए, उनकी किसी भी मांग पर मैं न नहीं कह सकता।