हिमाचल के लिए 33 प्रतिशत बजट बढ़ाने का प्रस्ताव, सीएम जयराम ने की सराहना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि आम बजट से समाज के सभी वर्गों की आशाएं और आकांक्षाएं पूर्ण होंगी। सीएम ने कर वितरण से हिमाचल के लिए 33 प्रतिशत बजट बढ़ाने के प्रस्ताव की सराहना करते हुए कहा कि इससे राज्य में विकास की गति और तेज होगी। उन्होंने व्यक्तिगत आयकर के सरलीकरण के प्रस्ताव की भी प्रशंसा की। मुख्यमंत्री ने राज्य स्तर पर बिना किसी विलंब के निवेश को आकर्षित करने के लिए ‘इन्वेस्टमेंट क्लीयरेंस सेल’ के गठन के प्रस्ताव को सराहा। उन्होंने कहा कि इससे सरकार के राज्य में अधिक निवेश आकर्षित करने के प्रयासों को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भावी उद्यमियों के साथ एक लाख करोड़ रुपये के समझौता ज्ञापनों पर पहले ही हस्ताक्षर किए हैं।
सीएम ने बजट में किसानों की आय को बढ़ाने के लिए 16 प्रस्तावों की सराहना की। उन्होंने कहा कि हिमाचल की 90 प्रतिशत जनता ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करती है और कृषि उनका मुख्य व्यवसाय है, इसलिए यह 16 प्रस्ताव राज्य के किसानों की आर्थिकी को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। इससे न केवल ग्रामीण क्षेत्रों का विकास होगा, बल्कि इससे किसानों, बेरोजगार युवाओं और आम आदमी का आर्थिक विकास भी सुनिश्चित होगा। जयराम ठाकुर ने कहा कि पर्यटन के लिए 45 हजार करोड़ रुपये का बजट आवंटन करने से देश में पर्यटन उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। हिमाचल प्रदेश ने राज्य में अनछुए एवं कम विकसित स्थानों को मुख्य पर्यटन गंतव्य बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं आरंभ की हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि बजट प्रस्ताव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को एक मजबूत, जीवंत एवं गतिशील देश बनाने में सहायक सिद्ध होंगे।