हिमाचल: अपने विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों में सुस्ती पर नाराज दिखे सीएम जयराम
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीआरएफ के तहत सराज विधानसभा क्षेत्र में 237.35 करोड़ रुपये व्यय कर सात परियोजनाओं का कार्य प्रगति पर है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत क्षेत्र में 101.42 करोड़ रुपये की लागत से 13 परियोजनाएं स्वीकृत की हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अपने विधानसभा क्षेत्र सराज में विकास कार्यों में सुस्ती के चलते अधिकारियों से नाराज दिखे। सीएम ने बुधवार को शिमला में सराज विधानसभा क्षेत्र से संबंधित विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर अधिकारियों को सभी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और उन्हें समयबद्ध पूर्ण करने और विभिन्न निर्माण कार्यों में वन मंजूरियों से संबंधित प्रक्रियाएं तय अवधि के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीआरएफ के तहत सराज विधानसभा क्षेत्र में 237.35 करोड़ रुपये व्यय कर सात परियोजनाओं का कार्य प्रगति पर है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत क्षेत्र में 101.42 करोड़ रुपये की लागत से 13 परियोजनाएं स्वीकृत की हैं। सराज विधानसभा क्षेत्र में नाबार्ड के तहत आठ परियोजनाओं के लिए 76.17 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं। लोक निर्माण विभाग की ओर क्षेत्र में शिक्षा विभाग के 34, स्वास्थ्य विभाग के 12, तकनीकी शिक्षा, पशुपालन विभाग की तीन-तीन, पर्यटन विभाग के दो कार्यों सहित 67 कार्य किए जा रहे हैं। इनका निर्माण कार्य शीघ्र पूरा किया जाएगा।
क्षेत्र में निर्माणाधीन 10 प्रमुख पुलों के निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए इन्हें शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। पर्यटन विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने नई राहें नई मंजिलें योजना के तहत विभिन्न परियोजनाओं और बगलामुखी में रोपवे का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। वहीं, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शिकारी देवी मंदिर समिति की बैठक की भी अध्यक्षता की। उन्होंने अधिकारियों को शिकारी देवी मंदिर परिसर से संबंधित विभिन्न कार्यों को समयबद्ध पूर्ण करने के भी निर्देश दिए।
सरकार की योजनाओं के जमीनी स्तर पर सकारात्मक परिणाम सामने आए: जयराम
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने बुधवार को शिमला में सूचना एवं जन संपर्क विभाग के अधिकारियों और मीडिया समन्वयकों के साथ हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए सूचना के प्रभावी संप्रेषण के लिए नवीनतम तकनीक और मीडिया के विभिन्न माध्यमों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों और मीडिया समन्वयकों को प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं, नीतियों एवं कार्यक्रमों तथा विकासात्मक उपलब्धियों के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए तत्परता से कार्य करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं के जमीनी स्तर पर सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। विभाग को योजनाओं की सफलता और लाभार्र्थियों के संबंध में तथ्यों को दक्षता से प्रचारित करना चाहिए। उन्होंने विकासात्मक समाचारों के प्रचार-प्रसार तथा मीडिया से बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए और प्रतिबद्धता से कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के सफल कार्यान्वयन से प्रदेशवासियों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव और विभिन्न क्षेत्रों में हुए विकास को प्रदर्शित किया जाना चाहिए। उन्होंने इस दिशा में एक प्रभावी योजना बनाकर उसका कार्यान्वयन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
इस बैठक में मुख्य सचिव राम सुभग सिंह, प्रधान सचिव सूचना एवं जन संपर्क सुभाशीष पांडा, निदेशक सूचना एवं जन संपर्क हरबंस सिंह ब्रसकोन, अतिरिक्त निदेशक आरती गुप्ता, संयुक्त निदेशक, दिल्ली और चंडीगढ़ स्थित प्रेस संपर्क कार्यालयों के वरिष्ठ अधिकारी, मीडिया समन्वयक पुरुषोतम शर्मा, मीडिया समन्वयक धर्मशाला विश्वचक्षु, मीडिया समन्वयक दिल्ली प्रणव गोस्वामी और विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।