बाहर से लौट रहे सभी लोगों की होगी जांच, क्वारंटीन नियमों का सख्ती से होगा पालन: जयराम
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार के उच्च अधिकारियों के साथ राज्य में कोविड-19 महामारी के दृष्टिगत उत्पन्न स्थिति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए निर्देश दिए कि वह देश के विभिन्न भागों से प्रदेश में लौटे लोगों की ओर से क्वारंटीन नियमों का सख्ती से पालन कराना सुनिश्चित करें। देश के अन्य भागों से प्रदेश में लौट रहे सभी लोगों की जांच की जाएगी। इसके बाद यह निर्णय लिया जाएगा कि उस व्यक्ति को होम क्वारंटीन या संस्थागत क्वारंटीन में रखा जाएगा।
अन्य राज्यों से हिमाचल लौट रहे सभी लोगों का पूरा विवरण रखा जाएगा और रेड जोन से आने वाले लोगों को क्वारंटीन केंद्रों में रहना आवश्यक होगा। राज्य में फंसे अन्य प्रदेशों के लोग विशेषकर विद्यार्थियों और श्रमिकों को उनके राज्य वापस जाने के लिए सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। केंद्रीय गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार अन्य राज्यों में फंसे लोगों को हिमाचल वापस लाने के लिए पर्याप्त प्रबंध किए जा रहे हैं।प्रदेश सरकार ने पहले से ही प्रदेश के बाहर प्रवासी श्रमिकों, तीर्थ यात्रियों, पर्यटकों, विद्यार्थियों और अन्य लोगों के आवागमन को समन्वित करने के लिए नोडल अथॉरिटी की सहायता के लिए पर्याप्त संख्या में सहायक अधिकारी नियुक्त किए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में संस्थागत केंद्रों को चिन्हित किया जाना चाहिए और इस बात का ध्यान रखा जाना चाहिए कि जहां तक संभव हो यह आवासी और व्यस्त क्षेत्रों से दूर एकांत स्थान पर हों। देश के अन्य भागों से प्रदेश में लौटने वाले लोगों के लिए नियमानुसार पास जारी किए जाने चाहिए। मुख्य सचिव अनिल खाची, पुलिस महानिदेशक एसआर मरडी, अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य आरडी धीमान, प्रधान सचिव ओंकार शर्मा और मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुंडू, सचिव सूचना एवं जन संपर्क रजनीश भी बैठक में उपस्थित रहे।
होम क्वारंटीन और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें बाहर से आए लोग
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने गुरुवार को मंडी के सराज विधानसभा क्षेत्र के पंचायत प्रधानों से वीडियो कॉन्फ्रेंस से बातचीत की। कहा कि वे यह सुनिश्चित बनाएं कि उनके क्षेत्रों में देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले लोग होम क्वारंटीन और सामाजिक दूरी के मापदंडों की पूर्ण रूप से अनुपालना करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत प्रधानों को बाहर से आने वाले लोगों के परिजनों को भी अपने परिवार में सामाजिक दूरी बनाए रखने के लिए प्रेरित करना चाहिए। बाहर से आने वाले लोगों को अलग शौचालय का प्रयोग करने के लिए कहा जाए और अगर ऐसी सुविधा उपलब्ध न हो तो शौचालय को समुचित तरीके से सैनिटाइज किया जाए।
सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को भी लोगों को जागरूक बनाना चाहिए, जिससे वे किसी भी प्रकार के धार्मिक एवं सामाजिक समारोह में शामिल न हों, क्योंकि इससे कोरोना वायरस फैलने का खतरा बढ़ जाता है। जयराम ने कहा कि पंचायती राज संस्थानों के निर्वाचित प्रतिनिधियों को यह भी सुनिश्चित बनाना चाहिए कि उनके गांव में जो भी व्यक्ति बाहर से आया है, वह घर में क्वारंटीन की अवधि पूरा करें। इसके अतिरिक्त लोगों को कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए किए गए उपायों के बारे में भी जागरूक किया जाना चाहिए और उन्हें चेहरा ढकने अथवा मास्क का प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।