शिमला के सुन्नी में बादल फटने से स्कॉर्पियो समेत पांच लोग बहे
- पंजाब के नवांशहर से आए थे घूमने, एक गाइड हिमाचल का, तीन ने भागकर बचाई जान
- बादल फटने से लोटी समेत एक दर्जन नालों में आई बाढ़, सात किमी क्षेत्र में मची तबाई
- दोपहर ढाई बजे की घटना, पेयजल योजना, स्कूल ग्राउंड, गौशालाएं और कई खेत बहे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजधानी शिमला से 50 किलोमीटर दूर सुन्नी के लोटी नाले में मंगलवार दोपहर बादल फटने से आई बाढ़ में सड़क किनारे खड़ी स्कॉर्पियो समेत चार सैलानी और एक हिमाचल का गाइड बह गए हैं। करीब एक घंटे तक यहां मूसलाधार बारिश ने खूब तबाही मचाई।
वहीं अन्य तीन सैलानी पानी की आवाज सुनकर जान बचाने में सफल रहे। ये लोग भी बाढ़ की चपेट में आ गए थे लेकिन हिम्मत दिखाते हुए ये लोग यहां से जान बचाने में कामयाब रहे। ये लोग पंजाब के नवांशहर निवासी हैं जो शिमला घूमने के बाद सतलुज में राफ्टिंग के लिए गए थे। लापता लोगों में एक हिमाचल के सिरमौर का बताया जा रहा है।
ऊपरी क्षेत्र में बादल फटने से लोटी समेत एक दर्जन नालों में बाढ़ आ गई जिसने करीब सात किलोमीटर तक के क्षेत्र में भारी तबाही मचाई है। इलाके में बिजली, पानी, दूरसंचार सुविधा ठप हो गई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।
मूसलाधार बारिश के बाद उफान पर आए नदी नाले
देर शाम सतलुज के किनारे बही गाड़ी तो मिल गई है, लेकिन लापता लोगों का कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। हिमाचल में मई माह में बादल फटने से हर कोई सकते में हैं।
पुलिस के अनुसार मंगलवार दोपहर 2.30 बजे पंजाब के नवांशहर के राहनेवाल निवासी सात सैलानी सिरमौर निवासी युवक के साथ सुन्नी के लोटी नाले में स्कॉर्पियो (एचआर 22-0080) लेकर पहुंचे। इस दौरान बादल फटने से आई बाढ़ में पांच लोग गाड़ी समेत बह गए।
तीन युवकों ने भाग जान बचाई। पहाड़ी पर बादल फटने से आसपास के एक दर्जन नालों में भी बाढ़ आ गई। एक घंटे तक नालों में आया तेज पानी मूंगणा से चेबड़ी तक के सात किलोमीटर के इलाकों में तबाही मचाता चला गया। निचले क्षेत्र में आईपीएच विभाग की मूंगणा पेयजल योजना का भवन और मशीनें भी बह गई हैं।
घरों, फसलों को भी भारी नुकसान
दर्जनों गौशालाएं, शौचालय और खेत बह गए हैं। लूणसू स्कूल के मुख्य गेट और मैदान को भी तेज पानी बह ले गया। हालांकि, ग्रामीण क्षेत्रों में जानी नुकसान की कोई सूचना नहीं है। कुछ मवेशी लापता बताए जा रहे हैं।
देर शाम तक क्षेत्र में चीख-पुकार और अफरातफरी मची रही। बादल फटने की सूचना मिलने ही सुन्नी थाना से पुलिस की टीम और उपमंडलाधिकारी शिमला ग्रामीण जीसी नेगी और तहसीलदार सुन्नी संत राम शर्मा मौके पर पहुंचे गए थे। राहत कार्य जारी हैं।
ये हैं लापता और सुरक्षित बच निकले सैलानी
उपायुक्त शिमला रोहन चंद ठाकुर ने बताया कि लापता लोग पंजाब के नवांशहर के राहनेवाल के हैं। लापता लोगों में शरणप्रीत सिंह, हरदीप, इवनजोत सिंह, अमाना सिंह और एक सिरमौर निवासी पिंकू शामिल हैं।
सुरक्षित बच निकले सैलानियों में फतह सिंह, सुखवीर, कमलजीत सिंह शामिल है। उनका सुन्नी अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। उपायुक्त ने बताया कि घटना को लेकर उपायुक्त नवांशहर को सूचित कर दिया गया है। लापता लोगों की तलाश जारी है।