Cement Plants Dispute: सीमेंट प्लांट बंद होने से 12 दिन से खड़े हैं ट्रक, 10 करोड़ का हो गया नुकसान
बिलासपुर जिले में बरमाणा सीमेंट प्लांट बंद होने से 12 दिन से ट्रक सड़क किनारे खड़े हैं। इससे ऑपरेटरों को करीब 10 करोड़ का नुकसान हो चुका है। सोमवार को ट्रक ऑपरेटरों ने एक बार फिर बरमाणा में बीडीटीएस भवन के परिसर में बैठक की और अदाणी समूह के खिलाफ रोष जताया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में बरमाणा सीमेंट प्लांट बंद होने से 12 दिन से ट्रक सड़क किनारे खड़े हैं। इससे ऑपरेटरों को करीब 10 करोड़ का नुकसान हो चुका है। सोमवार को ट्रक ऑपरेटरों ने एक बार फिर बरमाणा में बीडीटीएस भवन के परिसर में बैठक की और अदाणी समूह के खिलाफ रोष जताया। बैठक की अध्यक्षता बीडीटीएस के प्रधान राकेश ठाकुर ने की। ट्रक ऑपरेटर और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी से संबंधित विजय कुमार ने कहा कि सभी ट्रक ऑपरेटरों को आंदोलन में एकजुट होना होगा। प्रधान राकेश ठाकुर ने कहा अदाणी ग्रुप जो रवैया अपना रहा है, वह सही नहीं है। ट्रक ऑपरेटर अपने हितों की लड़ाई लड़ने में पूरी तरह सक्षम हैं।
पूर्व सैनिक निगम से अमर सिंह राघव, ओंकार सिंह चंदेल, करनैल सिंह चंदेल और रोशन लाल ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने देश हित के लिए जमीन सस्ते दामों में दी थी और अदाणी ग्रुप ने हमारे ही हकों पर ही सेंध लगाई है। यदि अदाणी ग्रुप ने फिर से सीमेंट और क्लींकर ढुलाई के लिए ट्रक किराये पर लेने की बात की तो ऑपरेटर इसे सहन नहीं करेंगे। सभा के उपाध्यक्ष गंगा सिंह ठाकुर ने कहा कि कंपनी यदि स्थानीय लोगों का रोजगार छीनने की कोशिश करेगी तो ट्रक ऑपरेटर भी एकजुट होकर मोर्चा संभालेंगे। बीडीटीएस के महासचिव प्रदीप ठाकुर, सुरेश चौधरी आदि उपस्थित रहे।
बैठक में नहीं आने पर बीडीटीएस सदस्य पर होगी कार्रवाई
बीडीटीएस के नवनियुक्त प्रधान राकेश ठाकुर ने सभा सभी 21 वार्डों के सदस्यों को आंदोलन में शामिल होने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सदस्य के उपस्थित न होने की सूरत में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अदाणी समूह से बात कर जल्द समाधान निकाले सरकार
एसडीएम अर्की की अध्यक्षता में परिवहन विभाग और ट्रक ऑपरेटरों की बैठक के बाद पश्चात बिलासपुर और दाड़लाघाट के ट्रांसपोर्टरों के बीच बैठक हुई। इसमें अदाणी समूह की ओर से एसीसी बरमाणा और अंबुजा प्लांट को बंद करने को लेकर चर्चा की गई। चिंता जताई गई कि अदाणी समूह ने अचानक प्लांट बंद कर दिए, जिससे ट्रक ऑपरेटरों समेत हजारों लोगों के रोजगार पर संकट छा गया है। पिछले कई दिन से ट्रक खड़े हैं। ऑपरेटरों को किस्तें निकालना मुश्किल हो गया है। सरकार से मांग की गई कि जल्द अदाणी समूह से बात कर मामले को सुलझाया जाए। बीडीडीटीएस (बरमाणा) के चेयरमैन लेखराम वर्मा, अनिल कुमार, कुलदीप ठाकुर और कमल किशोर समेत एसडीटीओ के प्रधान जयदेव कौंडल, उपप्रधान नरेश गुप्ता, एडीकेएम के पूर्व प्रधान बालक राम शर्मा, अरुण शुक्ला, परसराम, रामकृष्ण बंसल, रमेश ठाकुर, नीलम भारद्वाज, जगदीश ठाकुर, राकेश वर्मा और सुरेश वर्मा सहित अन्य ट्रांसपोर्टर मौजूद रहे।
ट्रांसपोर्टर बोले- तय दरों से कम मालभाड़ा दे रहा है अदाणी समूह
ट्रक ऑपरेटर यूनियन और अदाणी ग्रुप के बीच चल रहा विवाद सुलझाने के लिए सोमवार को उपमंडल अधिकारी कार्यालय अर्की के सभागार में बैठक हुई। बैठक एसडीएम केशव राम कोली की अध्यक्षता में हुई। इसमें दाड़लाघाट ट्रक ऑपरेटर यूनियन और ट्रांसपोर्ट विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। यह चार घंटे तक चली। इसमें सीमेंट ढुलाई की दरों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बताया जा रहा है कि बैठक में ट्रक ऑपरेटरों का पक्ष जाना गया। सीमेंट ढुलाई को लेकर उनसे रेट पूछे गए। हालांकि, बैठक में ऑपरेटरों ने कम दरों पर ढुलाई से होने वाले नुकसान के बारे में भी बताया। उन्होंने हवाला दिया कि 2005 में हाईकोर्ट के आदेशानुसार मालभाड़े की जो दरें तय की गई थीं, उसी के अनुसार जो बढ़ोतरी हुई है उसकी वर्तमान में तय दरें कमेटी को सौंपी गई हैं। इसमें तर्क दिया कि कंपनी आज भी उन्हें उन दरों से कम रेट दे रही है। ट्रांसपोर्टर महंगाई को देखते हुए और दरें कम नहीं कर सकते। बैठक में ट्रांसपोर्ट सोसायटी और परिवहन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
एसडीटीओ के उपप्रधान नरेश गुप्ता ने बताया कि पिछले दिनों प्रमुख सचिव परिवहन के साथ शिमला में बैठक हुई थी। उनके आदेशानुसार सोमवार को यह बैठक थी। बैठक में अधिकारियों के सामने पक्ष रखा। सीमेंट ढुलाई के रेट के सभी बिंदुओं पर चर्चा की गई। ट्रांसपोर्टरों ने मालभाड़े की दरें अधिकारियों को सौंप दी हैं। उधर, प्रमुख सचिव परिवहन के अधीक्षक अमित चोपड़ा ने बताया कि ट्रांसपोर्टरों से माल ढुलाई में हो रहे खर्चे जिसमें तेल, टायर सहित अन्य उपकरणों के बढ़े हुए रेटों को लेकर ऑपरेटरों से चर्चा की गई। सभी मसलों को लेकर रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
बरमाणा ट्रक यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ डीसी करेंगे बैठक
सरकार के निर्देश के बाद बरमाणा ट्रक यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ बिलासपुर के उपायुक्त मंगलवार को बैठक करेंगे। अर्की और बरमाणा ट्रक मालिकों से बातचीत के बाद तैयार रिपोर्ट प्रधान सचिव परिवहन और उद्योग आरडी नजीम को बुधवार को सौंपेंगे। अर्की में ट्रक ऑपरेटरों ने साफ कहा है कि महंगाई को देखते हुए सीमेंट ढुलाई की दरें नहीं घटाई जा सकतीं। सीमेंट के दाम घटाने को लेकर कंपनी पर दबाव पड़ने के बाद सीमेंट ढुलाई की दरों को लेकर विवाद पनपा है। ट्रक यूनियनें सीमेंट ढुलाई की दरों को कम नहीं करने के लिए अड़ी हैं, जबकि कंपनी सीमेंट की ढुलाई की दरें घटाने को दबाव डाल रही है।
सोमवार को अर्की की ट्रक यूनियनों के करीब तीस प्रतिनिधियों की स्थानीय एसडीएम की मौजूदगी में सुबह 11:00 से दोपहर बाद 3.00 बजे तक बैठक हुई। इसमें शिमला से परिवहन विभाग का अधिकारी सचिवालय से भेजा गया था। दूसरे पक्ष के प्रतिनिधियों को नहीं बुलाया था। परिवहन निदेशक और हाईकोर्ट के निर्देश में वर्ष 2004 में गठित कमेटी के सदस्य सचिव अनुपम कश्यप ने कहा कि मंगलवार को बरमाणा के ट्रक मालिकों के प्रतिनिधियों की डीसी बिलासपुर की बैठक है। इनसे भी इनपुट लेकर कमेटी के अध्यक्ष और प्रधान सचिव परिवहन और उद्योग आरडी नजीम को रिपोर्ट सौंपी जाएगी।