Himachal: अचानक अनियंत्रित हुई बस, सड़क किनारे नदी के ऊपर अटकी, बाल-बाल बचे पर्यटक, देखें वीडियो
कुल्लू में गुरुवार को बड़ा सड़क हादसा होने से टल गया। पर्यटकों से भरी निजी बस खाई में गिरने से बाल-बाल बच गई।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में भुंतर-मणिकर्ण सड़क पर छन्नीखोड़ के समीप मणिकर्ण जा रही पर्यटकों की एक वोल्वो बस अनियंत्रित हो गई। वोल्वो बस सड़क पर फिसलने से टेढ़ी हो गई और सड़क के एक किनारे में जाकर फंस गई। गनीमत यह रही कि बस सड़क से नीचे नहीं गिरी। यहां से कुछ ही दूरी पर पार्वती नदी बहती है। ऐसे में बड़ा हादसा होने से टल गया। खुद को सुरक्षित पाकर पर्यटकों की जान में जान आई। बस में करीब 30 पर्यटक सवार थे। घटना में किसी तरह के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है।
मामला बुधवार देर रात करीब डेढ़ बजे का है। पर्यटकों को लेकर एक वोल्वो छन्नीखोड़ के समीप फिसलने से टेढ़ी हो गई। बस में सवार होकर पर्यटक कसोल और मणिकर्ण की तरफ जा रहे थे। वोल्वो बस बीच सड़क पर फंसने से वाहनों की आवाजाही दोनों तरफ से रुक गई। हालांकि रात के समय ट्रैफिक अधिक नहीं था। चार घंटे बाद वोल्वो बस को निकाला गया। इसके बाद वाहनों की आवाजाही शुरू हुई। गौर रहे कि सड़कों पर जम रहे पानी और खस्ताहाल सड़क में वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। भुंतर-मणिकर्ण सड़क आपदा के बाद कई जगहों पर क्षतिग्रस्त है। ऐसे में हादसों की आशंका बनी रहती है। पार्वती घाटी के लोगों ने मांग की है कि भुंतर-मणिकर्ण सड़क को चकाचक किया जाए जिससे इस तरह के हादसों से बचा जा सके। पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने कहा कि माइनस तापमान में सड़कों पर पानी जम रहा है। ऐसे में वाहन चालक वाहन चलाते समय अधिक सावधानी बरतें।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.