{"_id":"60757cb57e17e31d0042fb17","slug":"bramour-pathankot-national-highway-remain-close-for-hours-for-vehicular-traffic","type":"story","status":"publish","title_hn":"भरमौर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर 10 घंटे बाधित रही वाहनों की आवाजाही","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
भरमौर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर 10 घंटे बाधित रही वाहनों की आवाजाही
Tue, 13 Apr 2021 06:04 PM IST
Krishan Singh
अमर उजाला नेटवर्क, बनीखेत (चंबा)
अमर उजाला नेटवर्क, बनीखेत (चंबा)
Published by: Krishan Singh
Updated Tue, 13 Apr 2021 06:04 PM IST
सार
- गंडियार के समीप मंगलवार अल सुबह तीन बजे फंस गया ट्रेलर
- सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची मशीनरी
- ट्राले को हटाने के लिए पहुंची जेसीबी पलटी, बाल-बाल बचा चालक
विज्ञापन
लोहे से लदा ट्रेलर अनियंत्रित होकर फंसा।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
भरमौर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर गंडियार के समीप मंगलवार अल सुबह करीब तीन बजे सरिये से लदा ट्रेलर फंस गया। इसके चलते सड़क के दोनों किनारे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ऐसे में चंबा की ओर जाने वाले वाहन चालकों को वापस चौहड़ा डैम से होकर भलेई-सुंडला होते हुए और दूसरी ओर बनीखेत से डलहौजी-लक्कडमंडी होते हुए जिला मुख्यालय पहुंचना पड़ा। सड़क बाधित होने के कारण मुसाफिरों को भारी परेशानी हुई। वहीं, सूचना मिलते ही एनएच प्राधिकरण की ओर से मशीनरी मौके पर भेजी गई, जिसके बाद हाइड्रा (बड़ी मशीन) की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे मार्ग यातायात के लिए बहाल किया गया।
विज्ञापन
सरिये से लदा ट्रेलर पठानकोट से चंबा की तरफ आ रहा था। जैसे ही ट्राला गंडियार के समीप पहुंचा तो मोड़ काटते समय चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया और ट्रेलर हाईवे पर अनियंत्रित होकर फंस गया। ट्रेलर का पिछला हिस्सा डंगे से नीचे खिसक गया। गनीमत यह रही कि ट्रक नाले की तरफ नहीं पलटा अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। मामले की सूचना पुलिस चौकी बनीखेत को जैसे ही मिली तो टीम मौके पर पहुंची। वहीं, एनएच प्राधिकरण चंबा ने मौके पर जेसीबी मशीनरी भेजी लेकिन, जेसीबी से ट्रेलर न हटने पर हाइड्रा मंगवाया गया। उसके बाद ही ट्रेलर को दोपहर बाद मार्ग से हटाया और वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकी। दूसरी तरफ कुछ वाहन वाया चौहड़ा और वाया लक्कड़मंडी होकर जिला मुख्यालय पहुंचे।
विज्ञापन
लोहे से लदे ट्रेलर को हटाने पहुंची जेसीबी पलटी
लोहे से लदे ट्रेलर को हटाने के लिए मौके पर पहुंची जेसीबी ट्राले पर ही पलट गई। गनीमत यह रही कि इस दौरान जेसीबी चालक चोटिल नहीं हुआ अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। बाद में कंपनी की ओर से हाइड्रा मशीन मंगवा कर ट्राले को सड़क से हटाया जा सका। एनएच प्राधिकरण चंबा के सहायक अभियंता कनव बड़ोत्रा ने बताया कि इसके बारे में सूचना मिली थी। कहा कि मौके पर मशीनरी भेजी गई। दोपहर डेढ़ बजे मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल किया जा सका। डीएसपी डलहौजी विशाल वर्मा का कहना है कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कहा कि ट्रेलर को मशीनरी के माध्यम से हटाया गया।
विज्ञापन