Sirmour News: भाजपा समर्थित नप अध्यक्ष ने किया उद्घाटन, 20 मिनट बाद कांग्रेस पार्षदों ने उतरवाई पट्टिका
निदेशक शहरी विकास विभाग की ओर से भी नगर परिषद को 20 फरवरी को पत्र जारी किया गया था। ऐसे में सवाल उठता है कि भाजपा समर्थित नगर परिषद के पदाधिकारियों में उद्घाटन को लेकर इतना उतावलापन क्यों रहा।
विस्तार
सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब आनन-फानन में नगर परिषद अध्यक्ष ने पार्षदों और भाजपा पदाधिकारियों के साथ मिलकर यहां नगर परिषद की 2 मंजिला पार्किंग का उद्घाटन कर दिया। जैसे ही उद्घाटन की जानकारी कांग्रेस समर्थित पार्षदों को लगी उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया और करीब 20 मिनट के भीतर ही उद्घाटन पट्टिका को उतरवा दिया गयाष पार्किंग का उद्घाटन विधायक नाहन की ओर से 25 फरवरी को किया जाना तय हुआ था। इसको लेकर निदेशक शहरी विकास विभाग की ओर से भी नगर परिषद को 20 फरवरी को पत्र जारी किया गया था। भाजपा समर्थित नगर परिषद अध्यक्ष श्यामा पुंडीर ने अपने भाजपा पार्षदों के साथ पार्किंग का उद्घाटन किया तो वहीं कुछ मिनटों बाद ही कांग्रेस पार्षदों ने भनक लगते ही नगर परिषद अधिकारियों और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर उद्घाटन को गैर सांविधानिक करार देते हुए उद्घाटन पट्टिका को यहां से उतरवाया। उन्होंने एसपी रमन कुमार मीणा को शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग भी की है।
भाजपा सरकार के कार्यकाल में बनकर तैयार हुई है पार्किंग
भाजपा समर्थित नगर परिषद अध्यक्ष श्यामा पुंडीर ने बताया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में पक्का तालाब के समीप दो मंजिला यह पार्किंग बनकर तैयार हो गई थी। कांग्रेस सरकार के सत्ता में आते ही बजट पर फुलस्टॉप लगा दिया गया। उन्होंने कहा कि आज विधिवत दो मंजिला पार्किंग का उद्घाटन किया गया है, जिसमें सैकड़ों गाड़ियां खड़ी होने की व्यवस्था है।
भाजपा समर्थित नप अध्यक्ष और पार्षद कर रहे तानाशाही
कांग्रेस समर्थित पार्षद राकेश गर्ग ने कहा कि नगर परिषद की दो मंजिला पार्किंग का उद्घाटन 25 फरवरी को विधायक अजय सोलंकी की ओर से किया जाना है। भाजपा नगर परिषद अध्यक्ष एवं पार्षद तानाशाही कर रहे हैं। जबरदस्ती पार्किंग का उद्घाटन किया गया। इसको लेकर एसपी सिरमौर को शिकायत सौंपी गई है।
निदेशक शहरी विकास ने विधायक की ओर से उद्घाटन का पत्र किया है जारी
कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद नाहन संजय तोमर ने बताया कि भाजपा समर्थित नगर परिषद अध्यक्ष श्यामा पुंडीर की ओर से 8 पार्षदों के साथ तथा कांग्रेस विधायक अजय सोलंकी की ओर से नगर परिषद नाहन की दो मंजिला पार्किंग के उद्घाटन को लेकर प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। उन्होंने बताया कि दोनों ही प्रस्तावों को उचित दिशा निर्देशों के लिए निदेशक शहरी विकास विभाग को भेजा गया था। वहां से 20 फरवरी को ही पत्र प्राप्त हुआ है, जिसमें निर्देश दिए गए कि पार्किंग का उद्घाटन 25 फरवरी को विधायक अजय सोलंकी ओर से किया जाना है। लेकिन आज नगर परिषद की अध्यक्ष श्यामा पुंडीर और भाजपा पार्षदों ने इसका उद्घाटन किया। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस की मौजूदगी में पट्टिका उतरवाई गई है। पार्किंग का उद्घाटन विधिवत रूप से विधायक अजय सोलंकी की ओर से किया जाएगा।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी और कांग्रेस पार्षद के खिलाफ कार्रवाई की मांग
नगर परिषद नाहन की अध्यक्षा और भाजपा समर्थित पार्षदों ने डीसी को दी शिकायत
पार्किंग की उद्घाटन पट्टिका उतारने के मामले में नाहन नगर परिषद की अध्यक्षा और भाजपा समर्थित पार्षदों ने उपायुक्त सिरमौर से निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने इस मामले में नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी और कांग्रेस पार्षद के खिलाफ भी उचित कार्रवाई की मांग की है। भाजपा समर्थित पार्षदों के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त सिरमौर सुमित खिमटा से शिकायत की। नगर परिषद नाहन की अध्यक्षा एवं वार्ड नंबर एक की पार्षद श्यामा पुंडीर, वार्ड नंबर तीन की पार्षद नीलम सैनी, वार्ड नंबर दो के पार्षद विक्रम वर्मा समेत अन्य भाजपा समर्थित पार्षदों ने पत्र के माध्यम से उपायुक्त को बताया कि बुधवार को नगर परिषद की अध्यक्षा श्यामा पुंडीर की अध्यक्षता में पार्षदों ने पक्का टैंक के समीप नगर परिषद पार्किंग का उद्घाटन किया था। पार्किंग के उद्घाटन के चंद मिनट बाद ही पुलिस ने नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी संजय तोमर और कांग्रेस पार्षद राकेश गर्ग के नेतृत्व में इस उद्घाटन पट्टिका को उतार दिया। प्रतिनिधिमंडल ने इस मामले में कार्यकारी अधिकारी और कांग्रेस पार्षद के खिलाफ भी उचित कार्रवाई की मांग की।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.