24 महीने 24 झूठ, कांग्रेस की नाकामियों पर भाजपा की बुकलेट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा ने वीरभद्र सरकार के दो साल के कार्यकाल के दौरान विभिन्न मुद्दों पर पलटने का आरोप लगाते हुए एक बुकलेट जारी की है। इस बुकलेट में बताया गया है कि सत्ता में आने से पहले कांग्रेस ने क्या-क्या वादे किए थे और सत्ता में आने के बाद कैसे वह उनसे पलट गई। प्रदेश भाजपा ने बुकलेट के माध्यम से सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल को काला अध्याय करार दिया है। बुकलेट को ‘24 महीने 24 झूठ’ नाम दिया गया है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा कि दो वर्ष के कार्यकाल में वीरभद्र सरकार के पास कोई बड़ी उपलब्धि नहीं है। मात्र झूठ के सहारे जनता को गुमराह किया जा रहा है। चुनाव से पूर्व कांग्रेस प्रदेश की जनता से किए वायदे को पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जनता से वायदा किया था कि सरकारी महकमों में खाली पदों को निष्पक्षता से भरा जाएगा।
'प्रदेश में हजारों पद अब भी खाली'
सत्ती ने कहा कि सरकार की 24 महीनों की सच्चाई यह है कि आज भी प्रदेश में हजारों पद खाली हैं। नियमों को दरकिनार कर विभागों में स्वयं भर्तियां की जा रही हैं। फॉरेस्ट गार्डों से लेकर कंडक्टर तक की भर्तियों में बड़े पैमाने में धांधलियों के आरोप सामने आ रहे हैं।
सरकार ने बेरोजगार भत्ते के नाम पर भी हजारों युवाओं के साथ मजाक किया है। इस मौके पर जिला भाजपा अध्यक्ष बलवीर बग्गा, प्रदेश भाजपा सह मीडिया प्रभारी हरिओम भनोट, जिला महामंत्री यशपाल राणा, राज्य युवा मोर्चा उपाध्यक्ष सुमित शर्मा, सुरजीत सैनी, कमल शर्मा व पुनीत समेत कई लोग उपस्थित रहे।
इन मसलों पर घेरी सरकार
सत्ती ने बाली पर साधा निशाना, कहा - सरकारी गाड़ी छोड़ने के बाद वीरभद्र सिंह को दे रहे नई चेतावनियां। •पूछा, कर्मचारी तबादलों पर मंत्री और विधायक चुप क्यों, ऊपरी हिमाचल के कर्मचारी एडजस्ट और लोअर वाले ट्रांसफर। •आठ पन्ने की बुकलेट में 24 मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने का प्रयास। •कांग्रेस के चुनावी घोषणा पत्र को बनाया गया है। •भर्ती प्रक्रिया पर सवाल, परिवहन मंत्री के मामले को दूसरे पन्ने पर स्थान।
बेरोजगारी भत्ते पर सवाल सेब उत्पादकों, नई वन नीति के मसलों पर कई सवाल। •वन मंत्री को अवैध पेड़ कटान के मुद्दे पर घेरा। •स्टेट एग्रीकल्चर कमीशन, प्रशासनिक ट्रिब्युनल के मसले शामिल। •दस हजार बच्चों को लैपटॉप देने, कमीशन वाइज भर्ती व पांच वर्ष में कर्मियों को पक्का करने, अवैध खनन, टूटी सड़कें, पीटीए व पैरा टीचर के मसले भी शामिल।
फांसी तो दूर, महीने की सजा भी नहीं हुई
सत्ती ने कहा कि प्रदेश में अंधाधुंध कटान हो रहा है, लेकिन मुख्यमंत्री चुप हैं। जनता को खुश करने के लिए वीरभद्र बयान तो देते हैं कि अवैध कटान में मेरा बेटा भी शामिल होगा तो उसे फांसी पर चढ़ा दूंगा पर हकीकत यह है कि प्रदेश की राजधानी और चंबा में हजारों की संख्या में पेड़ों का अवैध कटान हुआ, लेकिन अब तक किसी को फांसी तो दूर महीने की सजा भी नहीं हुई।
कर्मचारियों को कर रहे प्रताड़ित- सत्ती ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने दो वर्ष के कार्यकाल में खनन, वन, भू माफिया और तबादला माफिया का जोर रहा है और प्रदेश में सरकारी कर्मचारियों को प्रताड़ित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चिकित्सीय ढांचा भी पूरी तरह से चरमरा गया है। न तो अस्पतालों में लोगों को मुफ्त दवाइयां उपलब्ध हो रही हैं और न ही स्वास्थ्य सुविधाएं। इसके उलट चिकित्सकों को मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है।
कार्टून-कैरीकेचर से लपेटने की कोशिश
प्रदेश में दो साल की कांग्रेस सरकार पर विपक्ष में बैठी भाजपा ने सीधा हमला बोला है। इस अवधि में पहली बार आक्रामक रुख अपनाते हुए भाजपा द्वारा जारी बुकलेट कई मायनों में एक तरह से अटैकिंग टूल के रूप में देखी जा रही है। 24 महीने 24 झूठ में कांग्रेस की कथित नाकामियों को उजागर करने की कोशिश है तो कार्टून और कैरीकेचर के जरिए इसे और भी रोचक बनाया गया है।
अवैध खनन, खस्ताहाल सड़कें, बेरोजगारी कौशल भत्ता और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर भाजपा ने जहां सरकार पर सीधा हमला बोला है। सूत्र बताते हैं कि प्रथम चरण में यह बुकलेट प्रदेश भर में भाजपा के हर बूथ पर बांटी जाएगी। इसकी करीब 10 हजार प्रतियों का प्रकाशन किया गया है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस के घोषणा पत्र को खंगालते हुए भाजपा के हाथ और भी कई तथ्य लगे हैं, जिन्हें आधार बनाकर भाजपा आने वाले समय में एक और ठोस दस्तावेज सामने लाएगी।
पूर्व मंत्री प्रवीण ने निभाई अहम भूमिका
बताया जा रहा है कि भाजपा के मीडिया प्रभारी एवं पूर्व मंत्री प्रवीण शर्मा ने इस बुकलेट को निकालने में अहम भूमिका निभाई है, जिन्होंने कांग्रेस के घोषणा पत्र और अन्य दस्तावेजों को खंगाला है। आरटीआई को भी इस मुहिम में एक विशेष हथियार के तौर पर प्रयोग किया गया है।
विपक्ष के पास कोई मुद्दा ही नहीं: कांग्रेस- प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता नरेश चौहान ने भाजपा के ‘24 महीने, 24 झूठ’ पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है, इसीलिए यह सब अनर्गल-शनर्गल गतिविधियां हो रही हैं। उन्होंने कहा कि दो साल का कांग्रेस सरकार का कार्यकाल अच्छा रहा है।
राज्य सरकार ने प्रदेश की जनता के हर वर्ग के लिए कुछ न कुछ खास किया है। भाजपा निराधार आरोप लगाकर कांग्रेस सरकार को बदनाम करने का प्रयास कर रही है। कांग्रेेस पार्टी ने जो रोड मैप तैयार किया है, सरकार उसी के अनुसार सफलता से आगे बढ़ रही है।