भाजपा प्रभारी मंगल पांडेय कल पहुंचेंगे हिमाचल, आते ही लेंगे बैठकें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा के यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री बनने के बाद हिमाचल प्रभारी बने बिहार भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष मंगल पांडेय शुक्रवार को पहली बार हिमाचल आएंगे। तीन दिन के कार्यक्रम के दौरान वे जिला शिमला, सोलन और महासू के पदाधिकारियों, प्रदेश कार्यकारिणी, विधायकों और सांसदों से बैठक करेंगे।
विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों के साथ भी बैठक कर सकते हैं। इसके बाद पांडेय दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व को रिपोर्ट देंगे। प्रदेश प्रभारी के हिमाचल दौरे को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. राजीव बिंदल ने बताया कि कसौली के पार्टी कार्यकर्ता परवाणू में मंगल पांडेय का स्वागत करेंगे।
शिमला पहुंचने पर जिले के कार्यकर्ता उनका अभिनंदन करेंगे। वे 19 से 21 मई तक प्रदेश की राजनीतिक गतिविधियों को समझने के साथ पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठकें करेंगे। सोशल मीडिया और चुनाव वॉर रूम को लेकर आगे की रणनीति पर भी चर्चा होगी।
चुनाव प्रचार अभियान प्राथमिकता
मंगल पांडेय के दौरे में सबसे अहम विस चुनाव की रणनीति रहेगी। चुनावों को लेकर प्रचार अभियान की तैयारियों पर पांडेय प्रदेश कार्यकारिणी, कोर कमेटी और चुनाव प्रबंधन समिति से अलग-अलग बैठक करने वाले हैं। विधानसभाओं में पदयात्रा कार्यक्रम तय किए जा चुके हैं। अंतिम स्वीकृति प्रभारी के साथ बैठकों में होगी।
तय होंगे केंद्रीय नेताओं के दौरे, ये है पांडेय का कार्यक्रम
बिंदल ने बताया कि प्रचार अभियान को गति देने के लिए प्रदेश संगठन ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सहित अन्य केंद्रीय मंत्रियों के दौरों का प्रस्ताव तैयार किया है। पदयात्राओं के बाद रथयात्राओं के दौरान केंद्रीय मंत्रियों की रैलियां तय होंगी।
वित्त और रक्षा मंत्री अरुण जेटली, गृहमंत्री राजनाथ सिंह, कृषि मंत्री राधा गोपाल सिंह, उमा भारती आदि की रैलियां प्रचार रथों के माध्यम से करर्वाई जानी हैं। पांडेय प्रस्तावों को केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष रखेंगे।
प्रभारी पांडेय का कार्यक्रम
- 19 मई को जिला शिमला, प्रदेश कार्यकारिणी, सांसदों और विधायकों से बैठक
- 20 मई को शिमला नगर निगम, प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति और कोर कमेटी की बैठकें
- 21 मई को ठियोग में महासू जिला और सोलन में सोलन जिले की बैठक