Kangra News: नेरना में सैन्य सम्मान के साथ जवान को दी अंतिम विदाई, हर आंख हुई नम
उपतहसील राजा का तालाब की ग्राम पंचायत नेरना के बीएसएफ के जवान बलवीर चंद का मंगलवार को सैन्य सम्मान के साथ मोक्ष धाम सुखार में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले की उपतहसील राजा का तालाब की ग्राम पंचायत नेरना के बीएसएफ के जवान बलवीर चंद का मंगलवार को सैन्य सम्मान के साथ मोक्ष धाम सुखार में अंतिम संस्कार कर दिया गया। यहां पंचायत भवन नेरना के बाहर पूर्ण सुरक्षा के साथ जवान बलवीर चंद की पार्थिव देह वाली बीएसएफ की गाड़ी को घर से एक किलोमीटर पहले ही खड़ा कर दिया गया था। इसके बाद मंगलवार सुबह लगभग 10:00 बजे जैसे ही जवान बलवीर चंद की पार्थिव देह उनके पैतृक घर पर पहुंची तो हर तरफ चीख-पुकार से गांव का माहौल एकदम गमगीन हो गया।
अपने पति की पार्थिव देह को तिरंगे में लिपटी देखकर पत्नी सुदेश कुमारी बेसुध हो गईं। लगभग साढ़े दस बजे बीएसएफ की बनोई गगल की 24 बटालियन की टुकड़ी के पीछे चलती गाड़ी में रखी जवान बलवीर चंद की अंतिम यात्रा शुरू हुई। मोक्षधाम सुखार में 24 बटालियन के एएसआई अश्वनी कुमार की अगुवाई में उनकी टीम ने जवान बलवीर चंद को अंतिम सलामी दी। बलवीर के बड़े बेटे विशाल सिंह ने अपने पिता की पार्थिव देह को मुखाग्नि दी। स्थानीय विधायक भवानी सिंह पठानिया ने जवान की पार्थिव देह पर पुष्प गुच्छ अर्पित किए।
इस दौरान एसडीएम फतेहपुर विश्रुत भारती, एसएचओ नूरपुर सुरेंद्र धीमान, चौकी प्रभारी रैहन कुलदीप ठाकुर, 51 बटालियन जम्मू के एसआई जोगिंदर लाल, इंस्पेक्टर सुशील कुमार पांडे, सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर आईजी रमेश सिंह, डिप्टी कमांडेंट रमेश मंडियाल, सहायक कमांडेंट जरनैल सिंह डडवाल, इंस्पेक्टर रामेश्वर सिंह पठानिया, इंस्पेक्टर मोहिंदर सिंह, इंस्पेक्टर कुशल पठानिया मौजूद रहे।
बिलासपुर के सूबेदार रामपाल की कुपवाड़ा में हृदयाघात से गई जान
वहीं, उपमंडल श्री नयना देवी के नकराणा गांव के जवान सूबेदार रामपाल की हृदयाघात से मौत हो गई। मंगलवार को उनके पैतृक गांव नकराणा में गोबिंद सागर झील के किनारे पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। जानकारी के अनुसार रामपाल जम्मू एंड कश्मीर राइफल में कुपवाड़ा में तैनात थे। सोमवार को अचानक उनकी हृदय गति रुकने से मौत हो गई। मंगलवार सुबह उनका पार्थिव शरीर उनके गांव पहुंचा। उनकी धर्मपत्नी विद्या देवी, उनके पिता ओमप्रकाश, माता कौशल्या देवी और दोनों पुत्रों मनीष व आशीष का रो-रोकर बुरा हाल था। लोग ढांढस बंधा रहे थे। क्षेत्र के विधायक रणधीर शर्मा ने परिवार को सांत्वना दी और सूबेदार रामपाल को श्रद्धासुमन अर्पित किए। सेना की टुकड़ी के साथ स्थानीय पुलिस प्रशासन की तरफ से उन्हें सलामी दी गई।