आराम फरमाने के लिए जंगल में जाना पड़ा महंगा
ठंडक भरी वादियों में आराम फरमाने के लिए जंगल की तरफ जाना एक चालक को महंगा साबित हुआ। जंगल की तरफ जाते हुए चालक को रास्ते में भालू मिल गया। जिससे डरकर वह पेड़ पर चढ़ गया। भालू के न जाने पर चालक को मजबूरन अपने बचाव के लिए पुलिस सहायता लेनी पड़ी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चालक का रेस्कयू किया। गर्मियां बढ़ते ही बाहरी राज्यों से पर्यटन नगरी मनाली की तरफ पर्यटकों की आवाजाही शुरू हो गई। चालक आदेश यादव बाहरी राज्य से टूरिस्ट लेकर सोलंगनाला पहुंचा था। यहां करीब दो-तीन घंट पर्यटकों के घूमने पर चालक ने जंगल में एकांत में आराम करने की सोची।
जान बचाने के लिए पेड़ पर जा चढ़ा चालक
लेकिन बीच रास्ते में भालू मिल गया। जिसे देख कर चालक डर गया और जान बचाने के लिए पेड़ पर जा चढ़ा। काफी समय तक मौके से भालू के न जाने पर चालक को पुलिस का सहारा लेना पड़ा। चालक आदेश ने 100 नंबर डॉयल को घटना की सूचना पुलिस को दी।
जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और चालक का रेस्कयू किया। इधर, डीएसपी पुनीत रघु ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि एक व्यक्ति का रेस्कयू किया गया है। उन्होंने पर्यटकों का आह्वान किया है कि मनमर्जी से हर किसी जगह न जाएं। जंगली जानवरों से खतरा हो सकता है।