समर फेस्टिवल में विक्की चौहान के झुमके-झुमके पर झूमा रिज, वीडियो बनाने मंच पर चढ़ गए दर्शक
अंतरराष्ट्रीय समर फेस्टिवल की दूसरी संध्या हिमाचली कलाकारों के नाम रही। विक्की चौहान, नरेंद्र ठाकुर और कुमार साहिल का जादू दर्शकों के सिर चढ़कर बोला। उपायुक्त अमित कश्यप ने शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज का बतौर मुख्यातिथि कार्यक्रम में स्वागत किया।
सबसे पहले कुमार साहिल ने मंच संभाला। इन्होंने अम्मा पुछदी सुण धीये मेरिये.. शिमले नी बसणा.., तेरा मेरा प्यार अड़िये.. भेडां तेरियां हो.. झूरिये तेरा बिना जीना ना... पर दर्शकों को नचाया।
इसके बाद पहाड़ी लोक कलाकार नरेंद्र ठाकुर ने ओ रीनू तेरी चिठी पत्री आई ना.. बोतले फृटी रे.. गाने प्रस्तुत किए। उन्होंने रोहड़ू जाणा मेरी आमिये .. बुरा लागे तेरा पाणी पीणा.. गीतों पर धमाल मचाया।
इसके बाद स्टार नाइट के मुख्य कलाकार विक्की चौहान ने मंच संभाला। दर्शकों ने सीटियां बजाकर इनका स्वागत किया। इन्होंने ढोलिया बजाई दे तू ढोलों.. सही पकड़े हैं.. से शुरूआत की।
इसके बाद भाई री सालिये.. तेरे पतली कमरे गाची.. झुमके-झुमके.. कानो रे झूमके., गीत पर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इससे पहले शाम चार बजे से स्कूली छात्राओं ने सरस्वती वंदना की प्रस्तुति से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
विक्की चौहान का वीडियो बनने मंच पर पहुंचे दर्शक
स्टार नाइट की तीसरी संध्या पर विक्की चौहान नीरू चाली घूमदी.. गीत पर प्रस्तुति दे रहे थे। इसी बीच करीब 9:20 पर कुछ युवा दर्शक विक्की चौहान का वीडियो बनने मंच पर जाने लगे। पुलिस अधीक्षक ने एएसपी को कहकर स्टेज से जमा दर्शकों को खाली करवाया।
एसपी ओमापति जमवाल, नगर निगम उपमहापौर राकेश शर्मा, सहायक उपायुक्त निशांत ठाकुर, एडीएम प्रभा राजीव, एडीएम प्रोटोकॉल नरेश ठाकुर, एसडीएम शहरी नीरज चांदला, ग्रामीण नीरज गुप्ता, जिला भाषा अधिकारी त्रिलोक सूर्यवंशी इस दौरान मौजूद रहे।
स्कूली बच्चों ने भी प्रस्तुतियों से बांधा समा
समर फेस्टिवल के दौरान स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। आंचल पब्लिक स्कूल गुजराती नृत्य प्रस्तुत किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लक्कड़ बाजार के छात्रों ने हिमाचली लोकनृत्य, सेंट एडवर्ड स्कूल ने कथक नृत्य, बालूगंज स्कूल की ओर से चंबयाली नृत्य, लालपानी स्कूल के छात्रों ने नाटी पेश की।
भाषा विभाग ने राज्य स्तरीय लोक नृत्य प्रतियोगिता में सिरमौर, बिलासपुर और लाहौल-स्पीति जिलों से आए केके भारद्वाज, जय प्रकाश, भावना, आरती डोगरा, गोपाल भारद्वाज, दीक्षा देवलस्या, मनोज कुमार, चंद्रमोहन ठाकुर, नीलम गंधर्व, विनोद कुमार, डीआर भारद्वाज, ईशानिका शर्मा, जय प्रकाश, भूमिका हरनोट तथा कला चौहान ने भी रंगारंग प्रस्तुतियां पेश की।