सेना भर्ती: 219 युवा ही पार कर पाए मैदान की बाधा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कृषि विवि पालमपुर में रविवार को जिला कांगड़ा की धीरा, नगरोटा बगवां और जिला चंबा की होली और चुराह तहसील के युवाओं के लिए भर्ती हुई। इसके लिए 2579 युवाओं का पंजीकरण हुआ था। 2099 युवाओं ने भाग लिया। इनमें 219 युवा ही मैदान की बाधा पार कर पाए। 1880 युवाओं की मैदान में ही सांसें फूल गईं। चयनित युवाओं के अब मेडिकल और अन्य टेस्ट होंगे।
रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे मैदान के गेट खोलकर युवाओं को प्रवेश दिया गया। एडमिट कार्ड की जांच की गई। इसके बाद 219 युवा ही मैदान की बाधा पार कर पाए। कोरोना टेस्ट की निगेटिव रिपोर्ट न होने के कारण कई युवाओं को मैदान में प्रवेश नहीं दिया गया। मैदान में सेना के जवान भी कोरोना किट में दिखे।
युवाओं में यशपाल, राहुल और अनुराग ने कहा कि उनके पास कोरोना टेस्ट की निगेटिव रिपोर्ट नहीं थी। इस कारण मैदान में प्रवेश नहीं मिला। उधर, भर्ती निदेशक कर्नल संदीप सरोही ने कहा कि रविवार को हुई भर्ती प्रक्रिया में 219 युवा चयनित किए गए हैं। कोरोना नियमों का पालन किया गया। सोमवार को जिला कांगड़ा की धर्मशाला और इंदौरा तहसील तथा जिला चंबा की भेलाई तहसील की भर्ती होगी।
कोरोना नियमों की उड़ीं धज्जियां
पालमपुर में सेना भर्ती के लिए आए अधिकतर युवाओं ने मास्क नहीं पहने थे। मैदान के बाहर न ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया गया। जिला चंबा से सेना भर्ती में कई युवा स्पेशल बसें और ऑटो कर आए थे। युवाओं ने खाने-पीने का सामान साथ ही रखा था। वे रात को बसों में सोए रहे।