अनुराग बोले, सबसे ईमानदार राज्य को अपने कारनामों से शर्मसार कर रहे सीएम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि जिस प्रदेश की जनता को देश का सबसे ईमानदार आंका गया है। वहां के मुख्यमंत्री ने अपने कारनामों से हिमाचल के नागरिकों की ईमानदार छवि के विपरीत आचरण कर जनता को शर्मसार किया है।
सांसद अनुराग ठाकुर ने रविवार को ऊना के नैहरियां में एनएसडीसी के तहत शुरू किए गए रुद्रा कोचिंग इंस्टीट्यूट एंड स्किल डेवलपमेंट सेंटर के उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर तीखा हमला किया।
कहा कि राज्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रदेश दौरे से राज्य की कांग्रेस सरकार बैसाखियों पर आ गई है और जल्द ही इसका पतन भी होने वाला है। राज्य के मुख्यमंत्री ने भी मान लिया है कि प्रधानमंत्री के प्रदेश दौरे से भाजपा सरकार बनना भी तय है।
इसलिए कभी पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी की तारीफों के पुल बांध रहे हैं तो कभी प्रदेश भाजपा पर आरोप लगाकर अपना वर्चस्व ढूंढ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रदेश का मुखिया आए दिन भ्रष्टाचार के आरोप में ईडी और सीबीआई की जांच का सामना कर रहा हो, उस प्रदेश के ईमानदार लोगों को इस पद के लिए अब एक ईमानदार आदमी का इंतजार है।
अनुराग ने पूछा किस किसको दिया बेरोजगारी भत्ता
सांसद ने कहा कि पिछले चुनाव के समय कांग्रेस ने दावे किए थे कि बेरोजगारी भत्ता और रोजगार देंगे। वह बताएं कि अब युवाओं को इसके लिए और कितना इंतजार करना पडे़गा? सांसद ने कहा कि जिस हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज के लिए प्रो. धूमल ने जमीन दी थी।
बाद में उसे इस सरकार ने बनने नहीं दिया। जब वह इस बाबत तत्कालीन केंद्र सरकार के तीन मंत्रियों से मिल थे, तब उनका कहना था कि वह तो इसके लिए राजी हैं। लेकिन प्रदेश कांग्रेस सरकार यह नहीं चाहती। वीरभद्र सिंह सरकार ने देश के नंबर 1 राज्य को 24 वें नंबर पर पहुंचा दिया।
इसके साथ ही उन्होंने सरकार पर निचले हिमाचल की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि आज ऊना के कांग्रेसी विधायक असहाय हैं। क्षेत्र के एक कांग्रेसी नेता के जन्मदिवस पर ऐंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर सेवा प्रारंभ की गई।
लेकिन जब मैंने उस सेवा के बारे में पूछा तो अधिकारियों ने बताया कि वह मंजूर नहीं की गई है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि उन्होंने संसद में पुरजोर वकालत करके अपने क्षेत्र के भानुपल्ली, अंब, दौलतपुर में रेलवे लाइनों के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। 2017 के अंत तक दौलतपुर स्टेशन तक ट्रेन पहुंच जाएगी।