HP Politics: अनुराग ठाकुर बोले- तबादलों को लेकर अपनी ही सरकार पर तंज कस रहे मंत्री
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री एवं कांग्र्रेसी विधायक को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिलने के सवाल पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि इसकी जांच हो लेकिन यह भी जांच होनी चाहिए कि यह धमकियां अंदर से मिल रही हैं या बाहर से।
विस्तार
सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार में मंत्री तबादलों को लेकर नाराज हैं। यह मंत्री अपनी ही सरकार पर तंज कसकर कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे है। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री एवं कांग्र्रेसी विधायक को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिलने के सवाल पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि इसकी जांच हो लेकिन यह भी जांच होनी चाहिए कि यह धमकियां अंदर से मिल रही हैं या बाहर से। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने देश को योग के क्षेत्र में आगे ले जाने की भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि लाखों कार्यक्रमों में करोडों लोग योग से जुड़ रहे हैं और योग के माध्यम से निरोग रहने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि 10 प्रतिशत खाना बनाने की खपत को कम करना है जिससे शरीर स्वस्थ रहेगा और यह बहुत बड़ा संदेश है। इरान में फंसे हुए लोगों को भारत लाने के लिए शुरू किए गए ऑपरेशन पर उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने पहले भी भारतीयों को अपने वतन वापस लाने के लिए बेहतरीन काम किया है। उन्होंने कहा कि संकट में फंसे हुए लोगों को सकुशल लाने के लिए ऑपरेशन चलाकर घर लाया गया है। उन्होंने कहा कि इरान और इजराइल को भी आपस में बात करनी चाहिए, क्योंकि युद्ध से कोई रास्ता नही निकला है। केवल मात्र बातचीत से रास्ते निकलते हैं। इरान व इजराइल की लड़ाई का जल्द हल निकलेगा, जिस तरह से भारत पाकिस्तान संघर्ष का हल निकला था।
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा है कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभाती हैं। इसीलिए इन्हें भाग्य रेखाएं भी कहा जाता है। इसके मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार सड़कों का नेटवर्क मजबूत करने के लिए कारगर कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में सड़कें परिवहन का मुख्य साधन हैं। लिहाजा चरणबद्ध तरीके से सभी गांवों को सड़कों से जोड़ा जा रहा है। सदर विधानसभा क्षेत्र के तहत शुक्रवार शाम को कुठेड़ा और मोरसिंघी में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेने पहुंचे अनुराग ठाकुर ने विकास कार्यों की समीक्षा भी की। सदर के विधायक त्रिलोक जमवाल उनके साथ रहे।
पहले उन्होंने सदर और नयना देवी विधानसभा क्षेत्रों को जोड़ने वाली बैरी-नवगांव सड़क का निरीक्षण किया। लगभग 37 किलोमीटर लंबी इस सड़क के विस्तारीकरण के लिए सेंट्रल रोड फंड से 79.25 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं। इसका कार्य प्रगति पर है। उसके बाद उन्होंने कुठेड़ा-बाड़ी भगोट-तल्याणा सड़क के निर्माण कार्य का जायजा भी लिया। साढ़े छह किलोमीटर से अधिक लंबी इस सड़क के सुधारीकरण व विस्तारीकरण पर लगभग 7 करोड़ रुपये की राशि खर्च हो रही है। इस सड़क का लगभग 95 फीसदी काम पूरा हो चुका है। अनुराग ठाकुर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।
त्रिलोक जमवाल ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार राजनीतिक द्वेष भावना से काम करते हुए भाजपा विधायकों के विधानसभा क्षेत्रों से सौतेला व्यवहार कर रही है। पूर्व भाजपा सरकार के समय शुरू किए गए विकास कार्यों में भी बेवजह अड़ंगा अटकाया जा रहा है। फिर भी जनसमस्याओं के समाधान के लिए भी कारगर कदम उठाए जा रहे हैं। पिछले ढाई वर्ष में कुठेड़ा पंचायत में विकास कार्यों के लिए लगभग 50 लाख, मोरसिंघी पंचायत में करीब 40 लाख रुपये की धनराशि दी गई है।