शिमला वॉलीबाल प्रतियोगिता: इंडियन रेलवे को हराकर दिल्ली ने जीता खिताब, मंत्री विक्रमादित्य ने नवाजे खिलाड़ी
20वीं डॉ. वाईएस परमार अखिल भारतीय वॉलीबाल प्रतियोगिता के गुरुवार को हुए फाइनल मुकाबले में दिल्ली की टीम ने इंडियन रेलवे की टीम को पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला की वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शोघी में 20वीं डॉ. वाईएस परमार अखिल भारतीय वॉलीबाल प्रतियोगिता के गुरुवार को हुए फाइनल मुकाबले में दिल्ली की टीम ने इंडियन रेलवे की टीम को पराजित कर खिताब अपने नाम किया। इसमें इंडियन रेलवे की टीम उप विजेता रही, जबकि हरियाणा की टीम तीसरे स्थान पर रही। प्रतियोगिता के गुरुवार समापन समारोह में प्रदेश के युवा सेवा एवं खेल और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर विजेता दिल्ली की टीम को दो लाख, उप विजेता इंडियन रेलवे की टीम को एक लाख और तीसरे स्थान पर रही हरियाणा की टीम को 75,000 की राशि देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता के फाइनल में दिल्ली की टीम ने 3-1 से जीत दर्ज की। प्रतियोगिता में दिल्ली टीम के सावन को बेस्ट अटैकर रेलवे के विपुल को बेस्ट सेटर, दिल्ली टीम के विक्रम को बेस्ट ब्लॉकर, हरियाणा टीम के मुकेश को बेस्ट लिबराे और दिल्ली टीम के सूर्यांश को प्लेयर आफ टूर्नामेंट का खिताब दिया गया। विक्रमादित्य सिंह ने सभी विजेताओं को जीत की बधाई दी और इस प्रतियोगिता के लिए विभाग को बधाई दी और सभी स्थानीय लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत जलेल के खेल मैदान के विस्तारीकरण के लिए 20 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करवाई गई है ताकि ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ी इसका लाभ उठा सकें। मुख्य अतिथि ने स्कूल की स्मारिका तारिणी का भी विमोचन किया।
प्रदेश में होगा खेल महाकुंभ, 40 हजार युवा लेंगे भाग : विक्रमादित्य
शिमला। डॉ. वाईएस परमार मेमोरियल वॉलीबाल टूर्नामेंट के समापन समारोह के मौके पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए वचनबद्ध है। सरकार और विभाग प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने, युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेल महाकुंभ की रूपरेखा तैयार कर रही है। इसमें प्रदेश भर के 40 हजार से अधिक खिलाड़ियों को विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।
शिमला 251, लाहौल-स्पीति की टीम 78 रन से पीछे
उधर, ऊना जिले के जेएनवी पेखुबेला और संतोषगढ़ के पीसीपीए मैदान पर चल रही तीन दिवसीय अंतर जिला स्तरीय अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता के दो क्वार्टर फाइनल मैच दूसरे दिन वीरवार को भी जारी रहे। संतोषगढ़ के पीसीपीए मैदान पर पर शिमला की टीम कुल्लू से 251 रन सामने पीछे चल रहा है तो पेखुबेला मैदान पर लाहौल-स्पीति हमीरपुर से 78 रन पीछे है। कुल्लू की टीम अपनी पहली पारी में 401 और हमीरपुर की टीम 351 रन पर सिमटी है। पेखुबेला मैदान पर चल रहे पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले के दूसरे दिन गुरुवार को हमीरपुर की टीम ने 351 रनों का पीछा करने के लिए लाहौल-स्पीति की टीम मैदान पर उतरी। टीम ने दूसरे दिन की खेल समाप्ति तक छह विकेट के नुकसान पर 90 ओवर में 273 रन जोड़े। टीम के बल्लेबाज कबीर शतक बनाते हुए नाबाद 144 रन पर पहुंच चुके हैं।
रजत राजपूत ने 50 रन का सर्वाधिक योगदान दिया। हमीरपुर के गेंदबाज अभय ठाकुर ने सर्वाधिक तीन विकेट हासिल किए। दूसरी ओर संतोषगढ़ के पीसीपीए मैदान पर कुल्लू की टीम ने दूसरे दिन के खेल में 307 रन से पारी को आगे बढ़ाया और टीम 401 रन पर सिमटी। इसके बाद शिमला ने बल्लेबाजी शुरू की। पहली पारी में शिमला की टीम लड़खड़ाती हुई नजर आई और टीम 150 रन पर पांच विकेट गंवा बैठी। बल्लेबाज सात्विक कटोच अर्धशतक बनाकर 64 रन पर नाबाद बने हुए हैं जबकि अंशुल 31 रन का योगदान टीम को दे पाए। अन्य कुछ खास नहीं कर पाए। कुल्लू के गेंदबाज साहिल और हिमांशु ने दो दो तथा शिवांश ने एक विकेट हासिल किया है। दोनों क्वार्टर फाइनल मैचों में शुक्रवार को निर्णायक दिन सेमीफाइनल में जगह पाने के लिए भिड़ंत जारी रहेगी।