लाहौल में होगा ऑल इंडिया ट्राइबल यूथ फेस्टिवल, दिखेंगे संस्कृति के रंग
अटल टनल रोहतांग बनने के बाद देश-विदेश में खूब नाम कमा रही लाहौल घाटी इस वर्ष जुलाई में ऑल इंडिया ट्राइबल यूथ फेस्टिवल की मेजबानी भी करेगा। सिस्सू में दस दिन तक होने वाले यूथ फेस्टिवल के लिए केंद्र सरकार ने ढाई करोड़ का बजट मंजूर कर दिया है। फेस्टिवल में देश भर से लोगों को बुलाया जाएगा। तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा ने बताया कि लाहौल घाटी में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। अटल टनल बनने से घाटी को चार चांद लग गए हैं। देश-विदेश में इसके चर्चे हो रहे हैं। ऐसे में इस वर्ष जुलाई में सिस्सू में दस दिन का ऑल इंडिया ट्राइबल यूथ फेस्टिवल करवाने का फैसला लिया गया है। फेस्टिवल के माध्यम से खेलकूद, संस्कृति, खानपान, वेशभूषा और स्थानीय बोलियों के आदान-प्रदान का मौका मिलेगा।
लाहौल घाटी की संस्कृति से पूरी दुनिया को रूबरू करवाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं भी होंगी। भाषा संस्कृति विभाग के सहयोग से सेमिनार होगा। सभी ट्राइबल संस्थाओं को बुलाया जाएगा। मार्च-अप्रैल में स्कीइंग प्रतियोगिता भी होगी। मारकंडा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाहौल में आईस स्केटिंग रिंक और रोपवे के लिए 37 करोड़ का बजट स्वीकृत किया हुआ है। लाहौल-स्पीति में 24 घंटे पानी और बिजली की सप्लाई सुचारू करने के लिए प्रदेश सरकार प्रयासरत है। इसके लिए कई योजनाओं पर काम जारी है। मुख्यमंत्री स्नो फेस्टिवल का समापन करने जाएंगे।