Alka Lamba Statement: अलका बोलीं- ज्वलंत मुद्दों पर संसद में चर्चा से भाग रही भाजपा
नगरोटा बगवां में बाल मेले में स्वर्गीय जीएस बाली को श्रद्धांजलि अर्पित करने और बेरोजगार संघर्ष यात्रा का शुभारंभ करवाने पहुंचीं अलका लांबा ने भाजपा को घमंडी करार दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी को ईडी के दफ्तर में बैठाया हुआ है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के नगरोटा बगवां में बेरोजगार संघर्ष यात्रा के शुभारंभ पर कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा ने मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी और महंगाई सबसे बड़ा मुद्दा है। डॉलर के मुकाबले रुपया लगातार गिर रहा है। भाजपा सरकार अपनी कमियां छिपाने के लिए संसद में किसी भी मुद्दे पर चर्चा नहीं होने दे रही है। नगरोटा बगवां में बाल मेले में स्वर्गीय जीएस बाली को श्रद्धांजलि अर्पित करने और बेरोजगार संघर्ष यात्रा का शुभारंभ करवाने पहुंचीं अलका लांबा ने भाजपा को घमंडी करार दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी को ईडी के दफ्तर में बैठाया हुआ है। कांग्रेस के 16 सांसदों को बाहर बैठाया है। भाजपा ज्वलंत मुद्दों से ध्यान भटकाने को संसद में चर्चा नहीं होने दे रही है, जबकि दोषी दूसरे दलों को बताया जा रहा है।
लांबा ने केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना को भारतीयों का अपमान बताया। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की है कि इसी मानसून सत्र में सेना में रोके हुई ढाई लाख भर्तियों को खोला जाए। कहा कि देश भर में बेरोजगारी और महंगाई मुख्य मुद्दे हैं। हिमाचल प्रदेश भी इससे अछूता नहीं है। उन्होंने प्रदेशवासियों को इस बार के चुनाव में सत्ता से बाहर करने का आह्वान किया। उन्होंने आम आदमी पार्टी को ठगों की पार्टी बताया। उन्होंने कहा कि जनता को मुफ्त का लालच देकर आप पार्टी ठगने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल वासियों को रोजगार और महंगाई में कमी चाहिए न कि फ्री बिजली।
जांच एजेंसियों के दुरुपयोग से कांग्रेस डरने वाली नहीं: चौहान
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष नरेश चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। कांग्रेस इससे डरने वाली नहीं है। लोगों में महंगाई, बेरोजगारी और खाद्य वस्तुओं पर जीएसटी लगाने से देशभर में मोदी सरकार के खिलाफ रोष है। लोगों का ध्यान बंटाने के लिए केंद्र सरकार जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। कांग्रेस ने शिमला शहर में भाजपा सरकार और भाजपा शासित नगर निगम के खिलाफ पोल खोल, हल्ला बोल अभियान चलाया है। कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए हाईकमान जिसे टिकट देगा, उसके पक्ष में पार्टी एकजुट होकर प्रचार करेगी।
नरेश चौहान ने बुुधवार को शिमला में प्रेस सम्मेलन में कहा कि केंद्र सरकार देश के लोकतंत्र को कमजोर करने और विपक्षी दलों की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। ईडी, इनकम टैक्स और सीबीआई जैसी जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्षी नेताओं को परेशान किया जा रहा है। बिना किसी एफआईआर पिछले सात साल से इस मामले की पूछताछ चल रही है। लोकतंत्र को बचाने के लिए कांग्रेस सड़कों पर उतरी है। गत दिन राहुल गांधी समेत पार्टी के अन्य नेताओं को प्रदर्शन करने से रोका गया। इसकी कांग्रेस निंदा करती है।
कहा कि प्रदेश में इन दिनों सेब सीजन चल रहा है और बागवान कई परेशानियों से जूझ रहे हैं। पिछले पांच साल में भाजपा सरकार ने सेब बागवानों की कोई सुध नहीं ली। बागवानी मंत्री का कोई अता पता नहीं है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर किसानों-बागवानों की मांगों पर चुप्पी साधे हैं। कांग्रेस ने भी बागवानों की मांगों को लेकर प्रदर्शन किए हैं और आगे भी प्रदर्शन करेगी। कार्टन के दाम इस बार 80 रुपये तक जा पहुंचे हैं।
कांग्रेस ने बदल दी सत्याग्रह की शब्दावली: रणधीर
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने साबित कर दिया है कि वह भ्रष्टाचारियों को बचाने वाली पार्टी है। कांग्रेस शासन के दौरान गांधी परिवार के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय ने मामला दर्ज किया। ईडी अपना कर्तव्य निभा रही है और कांग्रेस इस मुद्दे का राजनीतिकरण करने की कोशिश कर रही है। रणधीर शर्मा ने कहा कि मोती लाल वोहरा की ओर से नेशनल हेराल्ड के माध्यम से कांग्रेस पार्टी को 90 करोड़ का ऋण दिया गया था। फिर इसे बट्टे खाते में डाल दिया गया। कांग्रेस पार्टी ने सत्याग्रह की शब्दावली को बदनाम किया है।
इसका इस्तेमाल राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने भारत को ब्रिटिश शासन से मुक्त करने के लिए किया था। कांग्रेस ने इसका इस्तेमाल भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हिमाचल में जयराम सरकार के खिलाफ चार्जशीट नहीं ला पा रही है। इनके पास मौजूदा सरकार के खिलाफ बोलने के लिए कुछ भी नहीं है। उन्होंने विधायक रामलाल ठाकुर को बयानवीर की संज्ञा देते हुए कहा कि रामलाल सिर्फ प्रेस को बयान देने के लिए हैं और जमीनी स्तर पर उनका प्रदर्शन शून्य है। इस दौरान प्रदेश सह मीडिया प्रभारी करण नंदा भी मौजूद रहे।