हिमाचल: बीएससी नर्सिंग में अब नंबरों की जगह परसेंटाइल से प्रवेश, अटल मेडिकल विवि ने जारी किया प्रोस्पेक्टस
प्रतिशतता की जगह परसेंटाइल को अपनाया गया है। अटल मेडिकल एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय ने इस संबंध में प्रोस्पेक्टस में भी जानकारी अपडेट कर दी है।
विस्तार
बीएससी नर्सिंग में प्रवेश के लिए प्रदेश में पहली बार प्रवेश परीक्षा में परसेंटाइल योग्यता का मापदंड होगा। इस बार प्रतिशतता की जगह परसेंटाइल को अपनाया गया है। अटल मेडिकल एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय ने इस संबंध में प्रोस्पेक्टस में भी जानकारी अपडेट कर दी है। प्रतिशतता और परसेंटाइल में फर्क होता है। इस बार इंडियन नर्सिंग काउंसिल के निर्देशानुसार प्रवेश परीक्षा के परिणाम में परसेंटाइल ही बीएससी नर्सिंग में दाखिला का आधार होगा।
अटल मेडिकल एवं रिसर्च यूनिवर्सिटी नेरचौक की ओर से शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए विभिन्न पाठ्यक्रमों की 2,529 सीटों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा 11 जून (बुधवार) को दो सत्रों (प्रातः और सायं) में आयोजित की जाएगी। प्रवेश परीक्षा के माध्यम से करीब 1600 सीटें बीएससी नर्सिंग की भरी जाएंगी। यह सभी सीटें विश्वविद्यालय से संबद्ध सरकारी एवं निजी संस्थानों में उपलब्ध हैं।
इस बार बीएससी नर्सिंग की प्रवेश परीक्षा में परसेंटाइल को अपनाया है। न्यूनतम योग्यता भी इंडियन नर्सिंग काउंसिल के निर्देशानुसार तैयार की गई है। डॉ. प्रवीण कुमार शर्मा, परीक्षा नियंत्रक, अटल मेडिकल एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय
डिजिटल प्रमाणपत्र ही अब होंगे मान्य
अटल मेडिकल एवं अनुसंधान विवि की ओर से आवेदन और काउंसलिंग प्रक्रिया ऑनलाइन मोड से होगी। ऑफलाइन जारी किए गए बोनाफाइड हिमाचली और जाति प्रमाण पत्र काउंसलिंग के दौरान स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उम्मीदवारों को प्रदेश सरकार की और से ऑनलाइन जारी प्रमाण पत्र लाने होंगे। इसके अलावा ऑनलाइन ही एडमिट कार्ड मिलेंगे। डाक से एडमिट कार्ड नहीं भेजे जाएंगे।
किस वर्ग के लिए कितने परसेंटाइल जरूरी
बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा में न्यूनतम योग्यता मानदंड में सामान्य वर्ग के लिए 50 परसेंटाइल, सामान्य वर्ग दिव्यांग के लिए 45 परसेंटाइल, एससी, एसटी और ओबीसी के लिए 40 परसेंटाइल तय किया है।