मुख्य न्यायाधीश ने पेश की इंसानियत की मिसाल, अस्पताल पहुंचाया मरीज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल हाईकोर्ट के कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश संजय करोल ने इंसानियत की मिसाल पेश की है। शिमला के लक्कड़ बाजार में एक व्यक्ति को मिरगी का दौरा पड़ा तो करोल ने तुरंत अपनी गाड़ी को रुकवाया और मरीज को आईजीएमसी भिजवाया। मुख्य न्यायाधीश वहां से खुद पायलट गाड़ी में कोर्ट पहुंचे।
वीरवार सुबह साढ़े नौ बजे के करीब हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश संजय करोल कोर्ट जा रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी लक्कड़ बाजार के पास पहुंची तो वहां एक व्यक्ति को मिरगी का दौरा पड़ गया। मुख्य न्यायाधीश ने जब यह देखा तो गाड़ी रोकने को कहा और पीड़ित की हालत को देखते हुए उसे तुरंत अपनी गाड़ी से आईजीएमसी भिजवाया। शोघी के रहने वाले इंद्र देव शर्मा रोज की तरह दूध बेचने के लिए शिमला आए थे।
इस बीच वह जैसे ही लक्कड़ बाजार पहुंचे तो उन्हें दौरा पड़ा और वह चक्कर खाकर गिए गए। इन्हें अस्पताल लाया गया और डॉक्टरों की निगरानी में उपचार दिया गया। पीड़ित के भाई को भी इस बारे में सूचित किया गया। आईजीएमसी के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जनकराज ने बताया कि मरीज की हालत स्थिर है।
पीड़ित के भाई रमन शर्मा ने बताया कि मुख्य न्यायाधीश द्वारा किए इस नेक कार्य का वह शुक्रिया अदा करते हैं। दोपहर तक मरीज अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में दाखिल रहा। मुख्य न्यायाधीश के इस कार्य की हर कोई प्रशंसा कर रहा है। साथ ही यह कार्य उन लोगों को भी शिक्षा देता है जो सड़क पर पड़े अनजान लोगों को उठाने से कतराते हैं।