अब यहां भी बनेगा आधार कार्ड, वित्त मंत्रालय ने जारी किए निर्देश
जिन लोगों ने अब तक आधार कार्ड नहीं बनवाया है, उनके लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश की हर दसवीं बैंक शाखा में ही आधार कार्ड बनवाने के लिए पंजीकरण कराया जा सकेगा। केंद्रीय वित्त मंत्रालय के निर्देश के बाद बैंकों ने इसके लिए कवायद शुरू कर दी है।
बैंक शाखा में ही आई और फिंगर प्रिंट स्कैनर मशीन लगाई जाएगी। इसके माध्यम से लोगों का आधार रजिस्ट्रेशन कर उनकी जानकारी डाटा में दर्ज की जाएगी।
इसके लिए भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडी) प्रदेश के सूचना एवं प्रौद्योगिकी निदेशालय और बैंकों के साथ मिलकर इस कवायद को अमल में लाने में जुटा है।
शुरू में गली मुहल्लों में आधार कार्ड बनवाने के लिए रजिस्ट्रेशन कैंप लगाने के बाद केंद्र सरकार ने हर शहर में कुछ निर्धारित स्थानों पर आधार पंजीकरण केंद्र बना दिए।
220 बैंक शाखाएं चिह्नित
घर से दूर होने और पंजीकरण केंद्र की जानकारी के अभाव में बड़ी संख्या में लोग आधार पंजीकरण नहीं करवा रहे थे। इस वजह से सबसे ज्यादा बैंकों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा था। जहां दिसंबर 2017 तक हर हाल में हर बैंक खाते को आधार से लिंक करने का लक्ष्य रखा गया था।
इसी परेशानी को देखते हुए केंद्र सरकार ने निर्देश दिए कि हर बैंक अपनी हर दसवीं शाखा में एक आधार रजिस्ट्रेशन सेंटर बनाए ताकि लोग आसानी से बैंक में अपना आधार बनवा सके।
राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति के संयोजक विवेक कौल ने बताया कि आधार रजिस्ट्रेशन की सुविधा मुहैया कराने के लिए प्रदेश की 220 बैंक शाखाओं को चिह्नित किया जा चुका है। सभी बैंकों को निर्देश दिए गए हैं कि वह जल्द से जल्द इस सेंटरों को स्थापित कर आधार पंजीकरण का काम शुरू कर दें।