दो मंजिला मकान में भड़की आग, जिंदा जल गया व्यक्ति
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शिमला के साथ लगते कोटखाई की ग्राम पंचायत कलबोग के रजटाडी गांव में घर में लगी आग में व्यक्ति जिंदा जल गया। दो मंजिला मकान की ऊपरी मंजिल के तीन कमरे भी जलकर राख हो गए हैं। आग की लपटों से साथ लगते घरों को नुकसान हुआ है।
प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को तीस हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है। आंशिक रूप से प्रभावित लोगों को दस-दस हजार की मदद दी गई है। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो नुकसान अधिक हो सकता था।
सोमवार रात रजटाडी गांव का प्रताप सिंह (55) अपने घर की ऊपरी मंजिल में सो रहा था। करीब तीन बजे प्रताप के कमरे से अचानक आग की लपटें उठीं। आग देखकर ग्रामीण मौके की तरफ भागे। हालांकि, तब तक आग ऊपरी मंजिल में पूरी तरह फैल गई थी।
बाकी लोग बचाए मगर नहीं बच सका प्रताप
किसी तरह घर के दूसरे कमरों में सो रहे परिवार के सदस्यों को लोगों ने बाहर निकाला। प्रताप सिंह को नहीं बचाया सका। इस दौरान ठियोग से फायर ब्रिगेड बुलाई गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की है।
आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। आग से द्रौपदी देवी तथा इंद्रा देवी के घर को भी नुकसान हुआ है। प्रशासन की ओर से कोटखाई के तहसीलदार ने विद्याधर नेगी ने मृतक के परिजनों को तीस हजार रुपये तथा आंशिक रूप से प्रभावित परिवारों को दस-दस हजार की फौरी राहत प्रदान की है।
फायर ब्रिगेड पहुंचने से पहले लोगों ने काबू कर ली आग
ठियोग से मौके तक दमकल दस्ते को पहुंचने में तीन घंटे का समय लग गया। इससे पहले गांव के लोगों ने आग पर काबू पा लिया था। कोटखाई के थाना प्रभारी श्याम तोमर ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। आग लगने के कारणों का पता भी लगाया जा रहा है।