अंजान युवती को अपनी पत्नी बताकर सरेबाजार पीटा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोचिंग सेंटर से लौट रही एक युवती को एक शख्स ने सरेबाजार पीट डाला। शख्स इसे अपनी पत्नी बताने लगा। मगर युवती हैरान थी कि वह उसे जानती तक नहीं। न ही इसे पहले कभी देखा था। यह अजीबोगरीब मामला शिमला में सामने आया। यहां छोटा शिमला बाजार में शुक्रवार सुबह 11 बजे एक कोचिंग सेंटर से लौट रही लड़की को बीबी बताकर एक अधेड़ ने उस पर डंडे से हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले से लड़की घबरा गई और मदद के लिए चिल्लाई। आसपास से गुजर रहे लोगों और स्थानीय कारोबारियों ने मौके पर आकर स्थिति को संभाला। लड़की ने मौके पर जुटी भीड़ से कहा कि वह इसे नहीं जानती की वह कौन है? वह कोचिंग सेंटर में ट्यूशन पढ़कर लौट रही थी तभी अचानक गेट पर आरोपी ने हमला कर दिया। लोगों ने आरोपी को थाना छोटा शिमला में पुलिस के हवाले किया।
असली बीवी पहुंची थाने
थाने में लड़की ने पुलिस के पास आपबीती सुनाई। पुलिस ने जब तफ्तीश की तो आरोपी भी छोटा शिमला का ही रहने वाला निकला। आरोपी की पत्नी थाने पहुंची और कहने लगी कि उसके पति की दिमागी हालत ठीक नहीं है। इसका इलाज चल रहा है। सुबूत के तौर पर अस्पताल में बनी पर्चियां और ट्रीटमेंट से संबंधित दस्तावेज पेश किए। आरोपी पहले छोटा शिमला में ही दुकान करता था।
लेकिन दिमागी हालत बिगड़ने की वजह से कामधंधा सब बंद हो गया। उसकी पत्नी ने बताया कि दवाएं चल रही हैं, दवा खाने के बाद वह अचानक घर से बाहर चला गया और उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी। दवा के असर के चलते यह कई बार सुध बुध खो बैठता है। लड़की ने केवल इतना कहा कि भविष्य में ऐसा और किसी के साथ न हो इसके लिए घर के किसी सदस्य की निगरानी में ही इसे बाहर लाएं। डीएसपी सिटी बलबीर सिंह ने कहा कि आरोपी दिमागी तौर पर बीमार है।
क्या बीबी पीटने के लिए होती है?
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे लगा कि उसकी बीबी है इसलिए उसने उसे डंडा मारा। यह पूछने पर कि क्या बीबी मारने पीटने के लिए होती है? इसका जवाब आरोपी ने नहीं दिया। आरोपी की पत्नी ने कहा कि यह सारी रात सोया नहीं। दवा के असर ने भी इसको थोड़ा हिंसक बना दिया।